PKL 2023-24: पुणेरी पलटन का तूफानी खेल, तेलुगु टाइटंग को 60-29 से हराया
Pro Kabaddi League: प्रो कबड्डी लीग के दसवीं सीजन के 97वें मुकाबले में पुणेरी पलटन ने जीत दर्ज कर ली। तेलुगु टाइटंस को पलटन ने 60-29 के अंतर से बुरी तरह पराजित कर दिया। आधे से भी ज्यादा अंतर से जीत दर्ज कर पलटन ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस मुकाबले से पहले जयपुर पिंक पैंथर्स पहले नम्बर पर थी।
पलटन ने तूफानी अंदाज में शुरुआत करते हुए टाइटंस को 7 मिनट में ही ऑल आउट कर स्कोर 11-2 कर दिया। शुरुआत में ही 9 अंकों की लीड हासिल करने के बाद पलटन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। मामला यहाँ भी नहीं थमा, पलटन ने टाइटंस को दूसरी बार आउट करते हुए 22-6 की बढ़त बना ली।

पुणेरी पलटन इस मुकाबले को एकतरफा बनाने के मूड में थी और जल्दी ही यह लीड 20 पॉइंट्स की हो गई। यहाँ से ऐसा लग रहा था कि तेलुगु टाइटंस ने हथियार डाल दिए हैं। हाफ टाइम तक तीसरी बार टाइटंस ऑल आउट हो गई और पलटन ने 32-7 की लीड अपने नाम कर ली।
दूसरे हाफ में टाइटंस के डिफेन्स ने अपना पहला अंक हासिल किया। इससे पहले डिफेन्स नाकाम रहा था। पलटन के लिए आकाश ने सुपर रेड मारते हुए स्कोर 38-9 कर दिया। यहाँ मामला एकतरफा ही चल रहा था। पुणेरी पलटन ने एक बार फिर से जोर लगाते हुए टाइटंस को चौथी बार ऑल आउट करते हुए स्कोर 45-11 कर दिया और यहाँ से वापसी करना नामुमकिन हो गया था।
ब्रेक के बाद टाइटंस ने सुपर टैकल से दो अंक हासिल किए और फिर एक और ऑल आउट टाल दिया लेकिन जल्द ही पलटन ने 50 का आंकड़ा छू लिया। इस बीच पुणेरी पलटन सुपर टैकल की स्थिति में आ गई और पवन का शिकार कर स्कोर 53-18 कर दिया लेकिन संजीव ने सुपर रेड के साथ टाइटंस को ऊर्जा प्रदान की। फिर टाइटंस ने पहली बार पलटन को ऑल आउट कर स्कोर 24-57 कर दिया। इसके बाद टाइटंस ने लगातार तीन अंक हासिल किए और पुणेरी पलटन को फिर से ऑल आउट की तरफ धकेल दिया लेकिन तब तक मुकाबला समाप्त हो गया। आकाश शिंदे ने पलटन के लिए सबसे ज्यादा 11 अंक जुटाए।












Click it and Unblock the Notifications