Asia Rugby U20 चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम घोषित, बिहार के 6 खिलाड़ियों को मौका, जानिए सूची में कौन-कौन शामिल
Asia Rugby U20 Championship: बिहार की ऐतिहासिक धरती पहली बार एक बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेज़बानी करने जा रही है। 9 और 10 अगस्त को राजगीर खेल परिसर में होने वाली 'एशिया रग्बी U20 रग्बी 7s चैंपियनशिप 2025, बिहार' के लिए भारत की पुरुष और महिला अंडर-20 रग्बी टीम की आधिकारिक घोषणा आज कर दी गई।
इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली भारतीय टीम में बिहार के 6 होनहार खिलाड़ियों को भी जगह मिली है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने की इसकी पुष्टि की है।

कब हुआ टीमों का चयन?: रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष श्री राहुल बोस के हवाले से यह घोषणा की गई है। टीमों का चयन 3 जुलाई को कोलकाता स्थित SAI (भारतीय खेल प्राधिकरण) के नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के बाद हुआ।
बिहार से 6 खिलाड़ियों का चयन: भारतीय महिला टीम में आरती कुमारी, अल्पना कुमारी, अंशू कुमारी और गुरिया कुमारी, जबकि पुरुष टीम में गोल्डेन कुमार और सागर प्रकाश का नाम शामिल है। ये सभी खिलाड़ी बिहार की मेहनत, लगन और संभावनाओं के प्रतीक बनकर सामने आए हैं।
शंकरण ने कहा, "यह बिहार के लिए बहुत गर्व की बात है। हमारे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में स्थान मिलने से राज्य के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।"
भारतीय रग्बी टीम की कप्तानी और कोचिंग टीम
पुरुष टीम के कप्तान: सुमित कुमार रॉय (पश्चिम बंगाल)
उपकप्तान: करण राजभर
कोच: फ्रांसिस्को 'पाको' हर्नांडेज़
सहायक कोच: टेरेंस जोसेफ
महिला टीम की कप्तान: भूमिका शुक्ला (राजस्थान)
उपकप्तान: तनुश्री भोसले (महाराष्ट्र)
मुख्य कोच: कियानो फौरी
सहायक कोच: तिलक राज
राहुल बोस ने कहा, "एशिया रग्बी U20 चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का सबसे बड़ा मंच है। हमें गर्व है कि इस बार भारत की दोनों टीमें एक साथ घरेलू ज़मीन पर मैदान में उतरेंगी।"
मुकाबले में कौन-कौन आ रहे हैं?: इस टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग में भारत के साथ चीन, यूएई, हांगकांग चीन, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका और मलेशिया जैसी टीमें भाग लेंगी। वहीं महिला वर्ग में नेपाल ने मलेशिया की जगह ली है।
राजगीर तैयार है इतिहास रचने को। रग्बी जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल में बिहार की सीधी भागीदारी और मेज़बानी न केवल राज्य की खेल संस्कृति को नई दिशा देगी, बल्कि आने वाले समय में यहां से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी लगातार उभरेंगे। बिहार के ये 6 खिलाड़ी अब न केवल राज्य बल्कि पूरे देश की उम्मीदों का भार अपने कंधों पर लेकर मैदान में उतरेंगे।












Click it and Unblock the Notifications