नीरज चोपड़ा ने इस साल 90 मीटर जैवेलिन फेंकने की जताई उम्मीद
स्टार जैवेलिंग थ्रोअर नीरज चोपड़ा की तैयारी इस समय इंग्लैंड में चल रही है और इस साल वह एक बड़ा लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।

Neeraj Chopra: भारत के स्टार जैवेलिन थ्रोअर और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अपने खेल के दम पर एक अलग नाम बनाया है। एथलेटिक वर्ल्ड में चोपड़ा का एक अलग ही सम्मान है। इन सबके बीच नीरज चोपड़ा का एक और सपना है। उनको 90 मीटर मार्क तक अपना भाला जल्दी ही पहुँचने की उम्मीद है। इस दिग्गज एथलीट का मानना है कि इस साल वह इस जादुई नम्बर को प्राप्त कर सकते हैं। नीरज ने डायमंड लीग में भी स्वर्ण पदक जीता था।
मीडिया से बातचीत में नीरज ने कहा कि हमें इस साल 90 मीटर मार्क तक पहुँचने की बहस खत्म कर देनी चाहिए। यह एक जादुई मार्क है, जिसे हर जैवेलिन थ्रोअर हासिल करना चाहता है। यह एक बेंचमार्क है और मैं इस आंकड़े तक पहुंचने के करीब हूँ। इस साल जल्दी ही यह हो जाएगा।
ओलंपिक चैम्पियन चोपड़ा ने कहा कि इस साल तीन बड़े इवेंट होने हैं। इनमें वर्ल्ड चैम्पियनशिप, एशियन गेम्स और डायमंड लीग का फाइनल है। उन्होंने कहा कि मैंने अपना सीजन शुरू करने के बारे में अभी कुछ नहीं सोचा है। मैं अपने कोच के साथ मिलकर इस बारे में निर्णय लूंगा। इन सब इवेंट्स को ध्यान में रखते हुए नीरज ने अपनी ट्रेनिंग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मैं अपने कन्धों की मजबूती पर काम कर रहा हूँ। उन्होंने कहा कि मैं भारी बॉल्स उठाने के अलावा उनको फेंकने की ट्रेनिंग भी कर रहा हूँ। अगला कैम्प दक्षिण अफ्रीका में है, वहां जैवेलिन फेंकने पर काम होगा।
नीरज ने उम्मीदों के बारे में कहा कि मैं ज्यादा नहीं सोचता, खुद की और अन्य लोगों की उम्मीदों को एक साथ हैंडल करना होता है। मेरा मानना है कि आप अपना 100 फीसदी दो। इसके बाद जो लोग मुझसे प्यार करते हैं, उनकी अपेक्षाएं मेरे लिए सकारात्मक बन जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications