कॉमनवेल्थ गेम्स 2022: भारतीय हॉकी टीम ने घाना को 11-0 से हराया, हरमनप्रीत ने दागे सबसे ज्यादा गोल
बर्मिंघम, जुलाई 31। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में रविवार का दिन भारत के लिहाज से बहुत ही अच्छा रहा है। सबसे पहले वेटलिफ्टिंग में जेरेमी लालरिनुंगा ने 67 किग्रा. कैटेगिरी में भारत को दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया। शनिवार को मीराबाई चानू ने भी वेटलिफ्टिंग में गोल्ड जीता था। वहीं क्रिकेट के मैदान से भी अच्छी खबर आई। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली जीत दर्ज की। इसके बाद हॉकी में टीम इंडिया ने पूल बी के मुकाबले में घाना को 11-0 से हरा दिया है।

हरमनप्रीत ने किए सबसे ज्यादा गोल
चार क्वार्टर के मुकाबले में टीम इंडिया ने सभी क्वार्टर के अंदर अपनी बढ़त को बरकरार रखा था और घाना की टीम को एक भी गोल दागने का मौका नहीं दिया। भारत की तरफ से सबसे अधिक 3 गोल उप कप्तान हरमनप्रीत ने किए। आपको बता दें कि हरमनप्रीत अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे थे। भारत का अब अगला मैच इंग्लैंड से होगा।
मैच के पहले ही मिनट में आ गया था गोल
मैच के पहले ही क्वार्टर में टीम इंडिया की ओर से पहले ही मिनट में गोल दाग दिया था। इसके बाद 10वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने दूसरा गोल दाग दिया था। इसके बाद 14वें मिनट शमशेर सिंह ने गोल दागा और 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। दूसरे क्वार्टर में भारत की ओर से आकाशदीप सिंह ने चौथा गोल किया था। यह गोल 20वें मिनट में आया था। दूसरे क्वार्टर के खत्म होने तक भारत ने 5-0 की लीड ले ली थी।
इसके बाद तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल दागा था। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से गोल हासिल किया। इसके बाद 38वें मिनट में नीलकांत शर्मा ने गोल दाग भारतीय टीम को 7-0 की बढ़त दिला दी। 39वें मिनट में कुमार वरुण ने गोल दाग टीम इंडिया को 8-0 से आगे कर दिया। तीसरा क्वार्टर खत्म होने तक भारत की बढ़त 9-0 हो गई थी। आखिर में चौथा क्वार्टर खत्म होने तक भारत ने 11-0 से घाना को रौंद दिया।
इस जीत के बाद अब भारत को अगले मैच में इंग्लैंड से भिड़ना है। इंग्लैंड के अलावा भारत को ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और कनाडा जैसी टीमों से भिड़ना है।












Click it and Unblock the Notifications