Asian Champions Trophy: जापान को 5-0 से धूल चटाकर भारत ने बनाई फाइनल में जगह
Asian Champions Trophy: एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम ने जापान को 5-0 से हराते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। पूरे मैच के दौरान भारत ने विपक्षी टीम के ऊपर दबाव बनाये रखा। मैच चेन्नई में खेला गया था। 12 अगस्त को भारत और मलेशिया के बीच फाइनल होगा।
पहले क्वार्टर के दौरान भारत और जापान दोनों ही टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिले। दोनों ही टीमों की तरफ से मौकों का फायदा नहीं उठाया जा सका। पहला क्वार्टर बिना गोल के ही समाप्त हो गया लेकिन दूसरे क्वार्टर में भारत ने स्कोर किया।

भारत के लिए यह गोल हार्दिक और आकाशदीप की जुगलबंदी ने किया। मुकाबले के 19वें मिनट में गोल हुआ और स्कोर 1-0 हो गया। हार्दिक ने गेंद को दाएं तरफ से धकेला था और वहां आकाशदीप पहले से तैयार खड़े थे, उन्होंने गेंद को गोल में डाल दिया।
इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत ने अपने पेनल्टी कॉर्नर का लाभ उठाते हुए एक गोल दाग दिया। मुकाबले के 23वें मिनट में जापान की तरफ से गलती हुई और टीम इंडिया को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। भारतीय टीम के कप्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए पिछले मैच की तरह यहाँ भी गोल कर दिया और स्कोर डबल हो गया। कुछ ही देर बार मनप्रीत ने भी गोल कर दिया और हाफ टाइम तक स्कोर 3-0 रहा।
तीसरे क्वार्टर के दौरान 39वें मिनट में भारत की तरफ से एक और गोल देखने को मिलता है। इस बार मनप्रीत ने दो विपक्षी खिलाड़ियों के बीच से सुमित को पास दिया और उन्होंने इसे गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। इस तरह भारत ने स्कोर 4-0 कर दिया। यहाँ से जापान के लिए वापसी मुश्किल थी क्योंकि 15 मिनट का गेम बचा था।
भारत के लिए 51वें मिनट में पांचवां गोल देखने को मिला। यह गोल कप्तान हरमनप्रीत और शमशेर के अलावा कार्ति के कारण हुआ। स्कोर 5-0 हो गया और जापान के हाथ से मुकाबला छिटकता जा रहा था। अंत में इसी स्कोर के साथ भारत ने मुकाबला अपने नाम करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications