CWG 2022, Ind W vs Pak W: पाकिस्तान को हराकर हरमनप्रीत ने बनाया खास रिकॉर्ड, धोनी को पीछे छोड़ा
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से मात दी।
बर्मिंघम, जुलाई 31: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से मात दी। टीम इंडिया के सामने 18 ओवर में जीत के लिए 100 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने 11.4 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसी जीत के साथ CWG 2022 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ये पहली जीत है और टीम ने मेडल जीतने की उम्मीदों को भी बरकार रखा है। पहले मैच में टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करीबी मुकाबले में 3 विकेट से मिली हार का सामना करना पड़ा था।

बनाया यह खास रिकॉर्ड
इस जीत के साथ ही भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी पीछे छोड़ दिया है। दरअसल पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में जीत के साथ ही हरमनप्रीत बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टी20 जीतने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी पीछे छोड़ दिया है। धोनी ने बतौर कप्तान 72 टी20 मुकाबले खेले थे और 41 में जीत हासिल की थी। वहीं हरमनप्रीत ने बतौर कप्तान 71 टी20 मैच खेले हैं और 42 में जीत हासिल की है।

मंधाना ने जड़ा अर्धशतक
बारिश से प्रभावित मैच में 100 रनों के लक्ष्य का पीछे करते हुए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए केवल 35 गेंदों पर 61 रन जोड़े। शेफाली 9 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं मंधाना ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और 31 गेंदों में छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 42 गेंदों में 63 रन बनाकर नाबाद लौटीं। अपनी पारी में भारतीय ओपनर ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। स्मृति का पाकिस्तान के खिलाफ यह पहला अर्धशतक है।

गेंदबाजों ने दिखाया दम
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। बारिश के कारण मैच को 18 ओवर का कर दिया गया और भारत की कसी हुई गेंदबाजी के चलते पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 99 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। ओपनर मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 30 गेंदों पर 32 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल सकी। भारत की ओर से स्नेह राणा और राधा यादव को 2-2 विकेट मिले। जबकि रेणुका सिंह, मेघना सिंह और शैफाली वर्मा के खाते में 1-1 विकेट अपने नाम किया।

बारबाडोस से आखिरी मैच
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला टीम लीग में अपना आखिरी और तीसरा मुकाबला बारबाडोस के खिलाफ खेलेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम अगर इस मुकाबले को जीतती है तो उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications