Lionel Messi: फुटबॉल फैंस के लिए खुशखबरी! भारत आएगी अर्जेंटीना की टीम, लियोनेल मेसी खेलेंगे मैच
Lionel Messi: भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दिग्गज लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना (Argentina) की राष्ट्रीय टीम अक्टूबर 2025 में भारत का दौरा करने वाली है। इस दौरान टीम एक अंतरराष्ट्रीय एग्जीबिशन मैच खेलेगी, जिससे भारतीय फैंस को अपने चहेते फुटबॉल स्टार को लाइव देखने का सुनहरा मौका मिलेगा।
अर्जेंटीना टीम की यह भारत यात्रा फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास होगी क्योंकि लियोनेल मेसी 14 साल बाद भारत लौटेंगे। आखिरी बार उन्होंने 2011 में कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में वेनेजुएला के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच खेला था, जिसमें अर्जेंटीना ने 1-0 से जीत दर्ज की थी।

HSBC इंडिया बना आधिकारिक भागीदार
बुधवार, 26 मार्च को HSBC इंडिया ने अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) के साथ साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के तहत अर्जेंटीना टीम भारत और सिंगापुर में फ्रेंडली मैच खेलेगी। HSBC इंडिया के हेड इंटरनेशनल वेल्थ और प्रीमियर बैंकिंग, संदीप बत्रा ने कहा कि, 'हम दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टीमों में से एक के साथ जुड़कर फैंस के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनाने के लिए उत्साहित हैं।
अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन का बयान
अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) के अध्यक्ष क्लाउडियो फैबियन तापिया ने कहा कि, भारत और सिंगापुर में HSBC के साथ यह साझेदारी हमारे अंतरराष्ट्रीय विस्तार के लिए एक अहम कदम है। यह समझौता हमारी टीम के लिए 2025-26 में आगे बढ़ने के साथ नए अवसर खोलेगा।
भारत में फुटबॉल को मिलेगा बढ़ावा
यह मैच भारतीय फुटबॉल के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है, क्योंकि इससे देश में फुटबॉल के प्रति रुचि और बढ़ेगी। मेसी जैसे दिग्गज खिलाड़ी को लाइव देखने का मौका मिलने से भारतीय फुटबॉल प्रेमियों की उत्सुकता चरम पर होगी।
आधिकारिक ऐलान का इंतजार
हाल ही में अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया है और टीम शानदार फॉर्म में है। अब फैंस को बस इस ऐतिहासिक मैच की तारीख और स्थान के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है, ताकि वे अपने पसंदीदा स्टार को एक बार फिर मैदान पर खेलते हुए देख सकें।












Click it and Unblock the Notifications