FIFA World Cup 2022: क्रोशिया ने मोरक्को को 2-1 से हराया, लगातार दूसरी बार रहा तीसरे पायदान पर

FIFA World Cup 2022: फीफा विश्वकप में तीसरे स्थान के लिए हुए अहम मुकाबले में क्रोशिया ने मोरक्को को 2-1 से हरा दिया है। इस प्लेऑफ में जीत के साथ ही क्रोशिया ने विश्वकप में तीसरे स्थान पर अपने सफर को खत्म किया। लगातार दूसरी बार क्रोशिया विश्वकप में तीसरे पायदान पर रहा है। इससे पहले रूस में खेले गए विश्वकप में भी क्रोशिया तीसरे पायदान पर रहा था। तीसरी बार क्रोशिया विश्वकप में तीसरे पायदान पर रहा है। इससे पहले 1998 में भी क्रोशिया तीसरे पायदान पर रहा था। 1998 में क्रोशिया ने नीदरलैंड को 2-1 से हराया था।
मोरक्को और क्रोशिया के बीच यह मुकबाल खलीफा इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था। मैच की शुरुआत में 7वें ही मिनट में क्रोशिया ने गोल दागकर अपने इरादे साफ कर दिए थे। जोस्को ग्वारदियोल ने मैच का ओपनिंग गोल जबरदस्त हेडर के जरिए किया। लेकिन महज दो मिनट के भीतर मोरक्को ने भी स्कोर की बराबरी कर ली। अचरफ दार ने 9वें मिनट में गोल दागकर स्कोर को 1-1 पर ला खड़ा किया। लेकिन मैच के 42वें मिनट में जिस तरह से क्रोशिय़ा ने दूसरा गोल किया उसने क्रोशिया की जीत को पक्की कर दिया। क्रोशिया के मिसलाव ओरसिक ने हाफ टाइम ब्रेक से पहले यह बेहतरीन गोल किया। दूसरे हाफ में दोनों ही टीम कोई गोल नहीं कर सकी। हालांकि कुछ मौके गोल के जरूर बने लेकिन वह गोल में तब्दील नहीं हो सके।
मैच को देखने के लिए मोरक्को के समर्थक बड़ी संख्या में मैदान में आए थे। क्रोशिया ने मैच में शुरुआत से अपना दबदबा बनाए रखा। लगातार बेहतरीन खेल की बदौलत क्रोशिया की टीम ने मैच पर अपनी पकड़ को बनाए रखा। एक तरफ जहां क्रोशिया की टीम जबरदस्त रणनीति के साथ खेल रही थी तो दूसरी तरफ मोरक्को की टीम काफी आक्रामक खेल का प्रदर्शन कर रही थी। मोरक्को की टीम गेंद को अपने पास बेहतर तरीके से रख पाने में क्रोशिया के मुकाबले कमतर नजर आई, जिसका असर मैच के परिणाम में देखने को मिला। बता दें कि विश्वकप का फाइनल मुकाबला रविवार को रात 8.30 बजे खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications