Yuzi Chahal की खराब फॉर्म ने खड़े किए बड़े सवाल, श्रीलंका के खिलाफ हो सकती है प्लेइंग-11 से छुट्टी
स्पोर्ट्स डेस्क, 5 सितंबर: पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी ओवर में मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया एक बार फिर से सवालों के घेरे में आ गई है। हार के साथ ही कई खिलाड़ियों की खराब फॉर्म पर से भी पर्दा उठ गया है। इन खिलाड़ियों में एक नाम स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) का भी है। चहल ने अभी तक एशिया कप 2022 में बहुत ही निराशाजनक प्रदर्शन किया है।

3 मैचों में केवल 1 विकेट
इंग्लैंड दौरे के बाद युजी चहल को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 और फिर जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिया गया था। उम्मीद जताई जा रही थी कि दुबई के मैदानों पर चहल का धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टूर्नामेंट के शुरुआती तीनों मुकाबलों में उनको खेलने का मौका मिला, लेकिन वह केवल 1 ही विकेट ले सके। इस दौरान उनका औसत 93 का रहा। साथ ही चहल ने 7.75 की इकोनॉमी से रन खर्च किए।

पाक के खिलाफ दोनों मैचों में फेल
पाकिस्तान के खिलाफ युजवेंद्र चहल दोनों मैचों में बेअसर नजर आए। ग्रुप स्टेज में उन्होंने जहां 4 ओवर में बिना विकेट लिए 32 रन दे दिए, तो सुपर-4 के मुकाबले में 4 ओवर में 43 रन लुटाए। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ चहल ने कहने को अपने स्पेल में सिर्फ 18 रन ही दिए, लेकिन विकेट इस मैच में भी नहीं मिला। स्टार खिलाड़ी के खराब प्रदर्शन ने वाकई में कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ को जल्द खोजना होगा।

अश्विन को मिल सकता है मौका
सुपर-4 में भारतीय टीम अब अपना अगला मैच मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेलेगी। इस अहम मैच से खराब प्रदर्शन के चलते चहल के स्थान पर अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग-11 में आजमाया जा सकता है। अश्विन टीम के सबसे सीनियर गेंदबाज है और श्रीलंका के खिलाफ मैच में बड़ा रोल प्ले कर सकते हैं। खास बात ये हैं कि उन्होंने दुबई में खेले दो इंटरनेशनल टी20 मैचों में 12.25 की शानदार औसत के साथ कुल 4 विकेट अपने नाम किए हैं।

श्रीलंका के खिलाफ रिकॉर्ड दमदार
T20I में श्रीलंका के खिलाफ खेलना आर अश्विन को खासा रास भी आता है। 35 वर्षीय दिग्गज स्पिनर ने श्रीलंका के खिलाफ खेले 6 टी20 मैचों में 8.62 की बेहतरीन औसत के साथ कुल 13 विकेट अपनी झोली में डाले हैं। इस दौरान उनका सबसे बढ़िया प्रदर्शन 4/8 का रहा। 6 मैचों में उन्होंने केवल 4.91 के इकोनॉमी से रन खर्च किए। ऐसे में चहल को ड्रॉप कर अश्विन को अंतिम एकादश में आजमाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications