'वो हाल करके छोड़ूंगा कि दुनिया तुझ पर थूकेगी', कपिल देव पर फूटा दिग्गज का गुस्सा
Yograj On Kapil Dev: क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह का हाल ही में एक इंटरव्यू सामने आया है। इसमें उन्होंने भारत के दो दिग्गज कप्तानों कपिल देव और एमएस धोनी पर तीखी टिप्पणी की है। धोनी के खिलाफ अक्सर अपनी भड़ास निकालने के लिए मशहूर योगराज ने इस बार कपिल देव पर भी अपना गुस्सा जाहिर किया है। कपिल देव को लेकर योगराज सिंह ने कुछ ऐसा कहा जिसे सुन फैंस भी हैरान हो गए हैं।
योगराज सिंह का इंटरव्यू आया सामने
योगराज सिंह ने एक यूट्यूब चैनल पर दिए इंटरव्यू में अपनी निराशा जाहिर की। उन्होंने युवराज की क्रिकेट में सफलता सुनिश्चित करने के लिए किए गए त्यागों के बारे में बताया। उन्होंने युवराज की मां को गांव भेजने और यहां तक कि अपनी पत्नी को घर से बाहर निकालने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पत्नी युवराज को अपने साथ ले जातीं, तो वह दूसरी शादी कर लेते और एक और बेटे को क्रिकेटर बना देते।

कपिल देव के लिए योगराज ने क्या कहा?
बातचीत के दौरान योगराज सिंह ने कपिल देव पर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि मैं लोगों को जिंदगी में दिखाना चाहता हूं कि योगराज ने कुछ किया है, जिसे आपने नीचे गिरा दिया है। आज पूरी दुनिया मेरे पैरों तले है, मुझे सलाम कर रही है। और वो लोग जिन्होंने बहुत बुरे काम किए हैं... किसी को कैंसर है, किसी का घर बर्बाद हो गया, कोई मर गया और किसी के घर में बेटा भी नहीं है।
युवराज सिंह के पास 13 ट्रॉफी हैं और आपके पास सिर्फ एक
समझ रहे हो मैं किसकी बात कर रहा हूं... उस आदमी ने क्या किया, आपके महानतम कप्तान कपिल देव, मैंने उनसे कहा कि मैं ऐसा काम करूंगा कि दुनिया तुझ पर थूकेगी। आज युवराज सिंह के पास 13 ट्रॉफी हैं और आपके पास सिर्फ एक वर्ल्ड कप है। उन्होंने दावा किया कि कपिल देव के साथ उनके रिश्ते तब से तनावपूर्ण हैं जब उन्हें 1981 में भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था। योगराज का मानना है कि कपिल ने उन्हें अपने संभावित प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखते हुए टीम से बाहर करने में अहम भूमिका निभाई।












Click it and Unblock the Notifications