On This Day: नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में युवराज-कैफ की जोड़ी ने रचा इतिहास, दादा ने टी-शर्ट हवा में लहराया
NatWest Trophy final 2002: क्रिकेट के मैदान पर कुछ मुकाबले ऐसे खेले जाते हैं जो इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लेते हैं। आज ही के दिन यानी 13 जुलाई को साल 2002 के दौरान भारत और इंग्लैंड के बीच ऐसा ही एक मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को अपने नाम किया था।
भारत ने जीता मुकाबला: सौरव गांगुली की अगुवाई में टीम इंडिया ने नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में इंग्लैंड को हराने का कारनामा किया था। लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 325 रन का लक्ष्य रखा था। एक समय पर भारतीय टीम इस मैच में काफी पीछे दिखाई पड़ रही थी। भारत ने 146 रन पर ही अपने पांच अहम विकेट गंवा दिए थे। लेकिन इसके बाद छठे और सातवें नंबर पर उतरे बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया।

युवी-कैफ की जोड़ी ने किया कमाल: युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की जोड़ी ने इस मुकाबले में यादगार प्रदर्शन किया। इन दोनों बल्लेबाजों ने 121 रनों की साझेदारी कर भारत को संकट से निकालने का काम किया। युवराज 69 रनों की यादगार पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। लेकिन अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाकर भारत को जीत के दहलीज पर लाने का काम किया।
कैफ ने जीता मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड: मोहम्मद कैफ ने 87 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को जीत दिला दी। भारत ने तीन गेंदें शेष रहते 8 विकेट पर 326 रन बना लिए और ट्रॉफी को अपने कब्जे में किया। मोहम्मद कैफ वनडे क्रिकेट में पहली बार मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने में सफल रहे। नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में खेली गई कैफ की यह पारी आज भी उनके करियर की बेस्ट पारी में गिनी जाती है।
गांगुली ने मनाया जश्न: इस जीत के बाद टीम के कप्तान सौरव गांगुली ने अनोखे अंदाज में जीत का जश्न मनाया। सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी टी-शर्ट उतारकर हवा में लहराते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ वनडे मैच में मिली जीत के बाद अपनी टी-शर्ट को हवा में लहराया था। जिसके जवाब में सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स में उसी तरह का सेलिब्रेशन किया।












Click it and Unblock the Notifications