Year Ender 2024: आंकड़े कभी झूठ नहीं बोलते, इस वर्ष टी20 में भारतीय टीम ने काटा है बवाल
Year Ender 2024: साल 2024 अब समाप्ति की तरफ बढ़ रहा है और क्रिकेट के लिहाज से देखा जाए, तो भारतीय टीम ने सबसे छोटे प्रारूप में अपना दबदबा दिखाया है। टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम को पराजित करते हुए खिताबी जीत दर्ज कर लम्बे समय बाद ट्रॉफी उठाई।
यह साल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के हिसाब से भारत के लिए काफी अच्छा गया है। टीम इंडिया ने जीत की तरफ ज्यादा ध्यान दिया और काफी कम मैचों में हार का सामना किया। आंकड़ों की तरफ नज़र दौड़ाने पर पता चलता है कि भारतीय टीम इस फॉर्मेट में दबंग रही है।

टी20 में भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 92 प्रतिशत से ज्यादा रहा। यह किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा प्रतिशत है। पाकिस्तान का जीत प्रतिशत साल 2018 में 89 फीसदी था लेकिन टीम इंडिया ने इस मामले में टॉप का स्थान हासिल कर लिया।
कुल मुकाबलों की बात करें, तो भारतीय टीम ने इस साल कुल 26 टी20 मुकाबले खेले थे और 24 में जीत दर्ज की। भारतीय टीम को महज दो ही मैचों में हार का सामना करना पड़ा। ज़िम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया को पराजय का सामना करना पड़ा था। बाकी सभी टीमों के खिलाफ हुए मैचों में भारत ने जीत दर्ज की थी।
टी20 वर्ल्ड कप की जीत भारत के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि रही है लेकिन द्विपक्षीय सीरीज में भी प्रदर्शन कम नहीं रहा है। टीम इंडिया ने अफगानिस्तान, ज़िम्बाब्वे, श्रीलंका, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेली और सभी में जीत दर्ज की।
रोहित और कोहली ने संन्यास ले लिया और सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी संभाली। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने श्रीलंका में सीरीज जीती। दक्षिण अफ्रीका में जाकर भी जीत अर्जित की। इसके अलावा बांग्लादेश को घरेलू सीरीज में भी उनकी कप्तानी में पराजित किया। टी20 में इस साल भारतीय टीम ने दबदबा बनाकर रखा।












Click it and Unblock the Notifications