Year Ender 2024: भारत के लिए T20 में बेमिसाल रहा ये साल, रोहित बिग्रेड ने किया वर्ल्ड कप का सूखा खत्म
Year Ender 2024, India Cricket Team: साल 2024 भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टी 20 इंटरनेशनल में बेहद यादगार साल साबित हुआ। इस साल भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपनी ताकत का परिचय दिया, बल्कि टी20 क्रिकेट में अपना दबदबा भी कायम रखा। साल 2024 में भारतीय टीम ने कुल 26 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिसमें से उन्होंने 22 मुकाबले जीते और केवल 2 मैचों में हार का सामना किया।
भारत ने जीता टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब
इस बेहतरीन रिकॉर्ड ने भारतीय क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। खास बात यह रही कि इस साल भारतीय टीम ने कोई भी टी20 सीरीज नहीं गंवाई। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम का प्रदर्शन सबसे खास रहा। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए खिताब अपने नाम किया। यह वर्ल्ड कप जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बन गया, क्योंकि टीम इंडिया ने एक भी मैच गंवाए बिना वर्ल्ड कप पर कब्जा किया।

साल 2024 में भारत का दमदार प्रदर्शन
साल 2024 में भारतीय टीम के दमदार प्रदर्शन का कारण युवा खिलाड़ी रहे। युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा को साबित किया और टीम को कई अहम मैचों में जीत दिलाई। साल 2024 ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और टीम इंडिया ने यह साबित किया कि वह टी20 क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में से एक है।
साल के शुरुआत में इस टीम को दी थी मात
भारतीय टीम ने साल 2024 की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ घर पर तीन मैचों की टी 20 सीरीज खेली थी। यह सीरीज भारतीय टीम के लिए बेहद रोमांचक रही। भारतीय टीम ने सभी मैचों को जीतने में सफलता प्राप्त की। पहले दो मैचों में नतीजे आखिरी गेंद पर तय हुए थे, जो बेहद रोमांचक थे। अंतिम मैच में मुकाबला टाई पर खत्म हुआ, जिसके बाद दो सुपर ओवर्स खेले गए, और अंत में भारतीय टीम ने सुपर ओवर्स में जीत हासिल कर सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।
भारत ने जीता टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने शानदार खेल दिखाया। टीम इंडिया ने पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों को शानदार तरीके से हराया। फाइनल में जब दक्षिण अफ्रीका ने दबाव बढ़ाया तो भारतीय टीम के लिए यह मुश्किल चुनौती बन गई थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव का लॉन्ग ऑफ पर पकड़ा गया बेहतरीन कैच भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह रही। इस कैच ने भारतीय टीम को दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई।
जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली थी शानदार जीत
टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीत के बाद भारतीय युवा टीम ने जिम्बाब्वे का दौरा किया। जहां पांच मैचों की टी 20 सीरीज खेली गई। इस सीरीज में शुभमन गिल ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली और युवा खिलाड़ियों को मौके दिए गए। भारतीय टीम ने यह सीरीज 4-1 से अपने नाम की, जिसमें अभिषेक शर्मा का शानदार प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना। उन्होंने एक बेहतरीन शतक भी जड़ा। साल 2024 में भारतीय टीम ने अपनी आखिरी टी20 सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली। चार मैचों की इस सीरीज में भारत ने 3-1 से सीरीज पर कब्जा जमाया।












Click it and Unblock the Notifications