IPL प्लेऑफ़ से पहले RCB को लेकर यश दयाल ने फोड़ा बम, टीम के फैसले को झूठा बताकर किया अहम खुलासा
Yash Dayal: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल ने मौजूदा सीजन से बाहर होने पर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने फ्रैंचाइजी के उस आधिकारिक दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि वे व्यक्तिगत कारणों से इस साल नहीं खेल रहे हैं। दयाल के इस नए खुलासे ने क्रिकेट गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
आरसीबी के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने सत्र की शुरुआत में कहा था कि दयाल निजी परिस्थितियों की वजह से टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। बोबाट के मुताबिक यह फैसला खिलाड़ी और टीम दोनों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया था। हालांकि अब तेज गेंदबाज ने इस पूरी कहानी को टीम मैनेजमेंट का एकतरफा फैसला करार दिया है।

यश दयाल का बड़ा खुलासा
टॉक विद मानवेंद्र यूट्यूब शो में यश दयाल ने साफ किया कि टूर्नामेंट से दूरी बनाना उनका खुद का फैसला नहीं था। उन्होंने कहा कि यह बयान भले ही विवाद खड़ा कर सकता है, लेकिन सच यही है कि फैसला हमेशा मैनेजमेंट के हाथों में होता है। वे खुद नहीं जानते कि उन्हें इस सीजन से बाहर रखने की असली वजह क्या रही है।
भले ही दयाल इस समय मैदान से दूर हैं, लेकिन आरसीबी टीम के साथ उनका संपर्क लगातार बना हुआ है। उन्होंने बताया कि वे दिनेश कार्तिक, मुख्य कोच और टीम के डायरेक्टर से नियमित बातचीत करते हैं। फ्रैंचाइजी ने इस सीजन में उनके विकल्प के तौर पर किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल भी नहीं किया है।
विवादों के कारण किया गया बाहर?
विवाद के पीछे दयाल की मौजूदा कानूनी परेशानियां भी एक मुख्य वजह मानी जा रही हैं। उन पर जयपुर में एक नाबालिग लड़की द्वारा यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए गए, जिसके तहत पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज है। राजस्थान हाईकोर्ट ने इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें गिरफ्तारी से राहत देने से साफ इनकार कर दिया था।
इसके अलावा गाजियाबाद में भी यश दयाल के खिलाफ शादी का झांसा देकर शोषण करने का एक अन्य मुकदमा दर्ज हुआ। हालांकिइस मामले में उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तारी के खिलाफ सुरक्षा मिली हुई है। इन गंभीर कानूनी विवादों के चलते ही पिछले साल उन्हें यूपी टी20 लीग में खेलने से भी पूरी तरह रोक दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications