WTC Final: क्रिकेट भी फुटबॉल की तरह होने जा रहा है, पैट कमिंस ने की चिंताजनक भविष्यवाणी
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैड कमिंस ने देश से ज्यादा फ्रेंचाइजी क्रिकेट को तवज्जो देने की परम्परा पर चिंता जताई है। उन्होंने इसे लेकर अहम बात कही है।

WTC Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच 7 जून से शुरू होना है। रोहित शर्मा और पैट कमिंस की टीमें एक-दूसरे से दो-दो हाथ करने के लिए ट्रेनिंग और अभ्यास में जुटी हुई हैं। हाल ही में आईपीएल खेलने के बाद भारतीय खिलाड़ी रेड बॉल क्रिकेट के लिए वापस मैदान पर आए हैं।
कमिंस ने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के ऊपर एकाधिकार होता था लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब आईपीएल ने इसे बदल दिया है। इसमें और भी चीजें आएंगी इसलिए मैं समझता हूं कि अब सक्रिय होना चाहिए। ऑस्ट्रेलिया के लिए हम जितना ज्यादा खास खिलाड़ी तैयार कर सकें, करना चाहिए।
कमिंस ने कहा कि ऐसा कुछ करना चाहिए जिससे ऑस्ट्रेलिया का हर खिलाड़ी टीम के लिए खेलना चाहे। हालांकि इसमें चुनौती मिलने वाली है। कमिंस ने कहा कि हमें इस बारे में सोचना होगा। हमारे ऊपर ही सभी चीजें निर्भर करती है। 12 महीनों का अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर हमारी गहरी सोच से अलग दिख सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ने यहाँ तक कहा कि क्रिकेट अब आगे आने वाले समय में फुटबॉल की तरह हो जाएगा। खिलाड़ियों को देश के लिए खिलाने से पहले फ्रेंचाइजी से अनुमति लेनी पड़ेगी। हमें यह बताते रहना होगा कि क्यों ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना ज्यादा अहम है। हम चाहते हैं कि बेस्ट खिलाड़ी हमारे लिए वर्ल्ड कप और बड़ी सीरीज जीते।
पैट कमिंस ने कहा कि चीजें तेजी से शुरू हो रही हैं और क्रिकेट फुटबॉल वर्ल्ड की तरह आगे बढ़ रहा है। वहां आप अपने क्लब को प्राथमिकता देते हैं। क्लब आपको खिलाता है और वहां से रिलीज होने पर देश की टीम के लिए खेल सकते हो। क्रिकेट में भी जल्दी ही कुछ ऐसा देखने को मिल सकता है। गौरतलब है कि वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज खेलेगी।












Click it and Unblock the Notifications