WTC फाइनल से पहले बदली पिच की तस्वीर, माइकल वॉन ने बताया टॉस जीतकर क्या फैसला लेना होगा फायदेमंद
WTC Final 2023: माइकल वॉन ने कप्तान रोहित शर्मा और पैट कमिंस के लिए डब्ल्यूटीसी फाइनल 2023 से पहले ओवल पिच पर बल्लेबाजी और गेंदबाजी में से क्या चुनना चाहिए इसे लेकर एक बड़ा संकेत दिया है।

WTC Final 2023: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 का खिताबी मुकाबला आज से लंदन के द ओवल मैदान खेला जाना है। इस रोचक मुकाबले से पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने बताया कि इस मैच में टॉस जीतने वाली टीम को क्या फैसला लेना चाहिए।
मैच के साथ बेहतर होती जाएगी पिच
माइकल वॉन ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को एक बड़ा संकेत दिया है। भारतीय दिग्गज दिनेश कार्तिक द्वारा पिच की तस्वीरें साझा किए जाने के बाद वॉन ने दावा किया कि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, पिच बेहतर और बेहतर होती जाएगी।
दिनेश कार्तिक ने शेयर कीं पिच की तस्वीरें
भारत ने इंग्लैंड की धरती पर अच्छा खेला है और मुश्किल परिस्थितियों में मैच जीते हैं, हालांकि वॉन को उम्मीद है कि जो भी कप्तान टॉस जीतेगा वह पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगा, भले ही मौसम खराब हो। डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए कमेंट्री पैनल में शामिल कार्तिक ने ट्विटर पर पिच की तस्वीरें साझा कीं, उन्होंने बताया कि, मुकाबले से ठीक एक दिन पहले घास को काटा गया है, जो घास पहले 9 मिमी थी वह अब 6 मिमी रह गई है।
दिनेश कार्तिक ने पूछा टॉस जीतकर क्या फैसला लेना चाहिए
पिच की दो तस्वीरें शेयर करते हुए दिनेश कार्तिक ने यह भी पूछा है कि टॉस जीतने वाली टीम को क्या फैसला लेना चाहिए। दिनेश कार्तिक को इसका जवाब वॉन ने दिया। वॉन ने कार्तिक के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा कि, 'यह विकेट बहुत अच्छा खेलेगा... इसके बाद बेहतर होता जाएगा। इसलिए मैं पहले गेंदबाजी करूंगा, खासकर अगर बादल हों।'
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि रोहित और कमिंस पिच पर क्या निर्णय लेते हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच भारत के समय के अनुसार दोपहर तीन बजे से शुरू होगा, हालांकि, 30 मिनट पहले यानी 2:30 पर टॉस होगा।












Click it and Unblock the Notifications