'वक्त और मौका देखे बिना दोनों ने विकेट गंवाया', सुनील गावस्कर को आया रोहित और पुजारा पर गुस्सा
भारतीय क्रिकेट टीम जिस तरह से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final 2023) मुकाबले की दूसरी पारी में ढेर हुई है, उससे इंडियन लीजेंड सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) काफी आहत हैं और गुस्सा भी हैं।
गावस्कर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) के आउट होने के तरीके से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं है। खासकर पुजारा से काफी नाराज नजर आते हैं। असल में भारतीय टीम 444 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 91 रन पर 1 विकेट खोकर ठीक स्थिति में थी, लेकिन फिर सब बदल गया।

इस बदलाव की वजह बने रोहित और पुजारा के विकेट, जो गैर जरूरी शॉट पर तब आउट हुए, जब रन पहले से ही तेज गति से बन रहे थे। रोहित शर्मा ने नाथन लियोन की राउंड द विकेट बॉल पर खेलने का प्रयास किया जिसमें वह पगबाधा हो गए। रोहित डबल माइंड थे कि इस गेंद को फाइन खेला जाए या पूरी ताकत से स्लॉग कर दिया जाए।
गलत शॉट और ऊपर से कन्फ्यूजन का नतीजा आउट के रूप में मिला और अगले ओवर में पुजारा ने पैट कमिंस की छोटी गेम पर एक रैम्प शॉट खेल दिया, इस शॉट में आप गेंद पर हल्का बल्ला लगाकर विकेट के पीछे चार रन हासिल करने की कोशिश करते हैं, लेकिन पुजारा के मामले में गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के दस्तानों में जा समाई।
गावस्कर ने मिड-डे के कॉलम में निराशा जताई है, जहां वे मानते हैं कि भारतीय क्रिकेट टीम की दूसरी पारी की कहानी इन दो विकेटों से शुरू होती है।
गावस्कर लिखते हैं, 'यह समझ में नहीं आता पुजारा ने वह शॉट क्यों खेला। जबकि 2 गेंद पहले रोहित शर्मा आउट हुए थे। पुजारा तो धैर्य के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उस समय यह शॉट क्यों खेला, जब रनों की जरूरत ही नहीं थी, और विकेट बचाने बहुत जरूरी थे। दबाव बहुत अजीब चीजें करा देता है। इसीलिए टेस्ट क्रिकेट सबसे बड़ी फॉर्म है, और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप वाकई में अल्टीमेट टेस्ट मैच है।'
बता दें, दोनों के आउट होने के बाद चौथे दिन विराट कोहली और रहाणे ने बगैर किसी विकेट के दिन निकालने में कामयाबी हासिल की थी। लेकिन भारतीय पारी 5वें दिन एक बार फिर से धराशाई हो गई और अंतिम 7 विकेट केवल 55 रन पर ही गिर गए।












Click it and Unblock the Notifications