IPL नहीं भारत के लिए अहम है WTC फाइनल, टेंशन फ्री होने के लिए रोहित MI से ब्रेक लें!
आईपीएल के 16वें सीजन में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा अब तक अपने बल्ले से कोई कमाल नहीं कर सके हैं, उनके खराब प्रदर्शन की चिंता कप्तान के चेहरे पर स्पष्ट नजर आती है, लेकिन आईपीएल के बाद WTC फाइनल है।

IPL 2023: मंगलवार की रात जब ये तय हो गया कि मुम्बई इंडियंस अब हारने वाली है तो मैच कवर कर रहा कैमरा बार- बार रोहित शर्मा के चेहरे पर टिक जा रहा था। डगआउट में बैठे रोहित के चेहरे पर गहरी निराशा झलक रही थी। वे शांत थे और ऐसा लग रहा था जैसे कि किसी गहरे दबाव में हैं। उनके हाथ में एक बैट था जिसे वे उलट-पलट कर देख रहे थे। शायद वे अपने बल्ले से सवाल पूछ रहे थे, यार तू चल क्यों नहीं रहा? विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के पहले रोहित की यह भाव-भंगिमा भारत के लिए चिंता की बात है।
मुम्बई इंडियंस के प्रदर्शन को लेकर वे तनाव में हैं। पिछले साल मुम्बई अंतिम पायदान पर रही थी। इस साल वह सात में चार मैच हार चुकी है। उसे प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए बाकी बचे 7 मैचों में कम से कम पांच जीतने होंगे। यह आसान काम नहीं है। मुम्बई को यहां से लगातार करिश्माई प्रदर्शन करना होगा।
डगआउट में चिंतित दिखे रोहित शर्मा
मुम्बई इंडियंस की चिंता में अगर रोहित शर्मा का आत्मविश्वास डोल गया तो फिर वे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में कैसे खेल पाएंगे? भारत संयोग से ही लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा है। पिछली बार भारत अपनी खराब बल्लेबाजी के कारण टेस्ट का विश्व विजेता नहीं बन पाया था। न्यूजीलैंड से हार झेलनी पड़ी थी। देश के खेल प्रेमी यह चाहते हैं कि भारत ये दूसरा मौका बिल्कुल न चुके। लेकिन ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए भारत को बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों मोर्चों पर बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।
रोहित शर्मा टीम के कप्तान हैं इसलिए उनका आत्मबल मजबूत होना चाहिए। वे कप्तान के साथ साथ टीम के सलामी बल्लेबाज भी हैं, इसलिए उनकी बैटिंग पर बहुत कुछ निर्भर करता है। आइपीएल एक व्यवसायिक प्रतियोगिता है। इसका राष्ट्रीय गौरव से कुछ लेना देना नहीं है। जबकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप देश के सम्मान से जुड़ा है। इसके जीतने से भारत की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा बढ़गी। इसलिए रोहित को आइपीएल की चिंता छोड़कर अपने राष्ट्रीय दायित्व पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें अपनी बैटिंग में सुधार की जरूरत है।
IPL 2023- रोहित के 7 मैच में 181 रन
आइपीएल 2023 में रोहित शर्मा का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। वे अपने नाम के अनुरूप बल्लेबाजी नहीं कर पाये हैं। मंगलवार को गुजरात के खिलाफ उन्होंने 8 गेंदें खेलकर सिर्फ 2 रन बनाये। ये किसी भी लिहाज से रोहित शर्मा की पारी नहीं थी। यह पारी उनके कम होते आत्मविश्वास की निशानी है। अभी तक उन्होंने 7 मैच खेले हैं और कुल 181 रन बनाये हैं। उनका स्ट्राइक रेट 135.07 है। सात में से सिर्फ एक मैच में वे अर्धशतक लगा पाए हैं। 65 उनका अधिकतम स्कोर है। चार बार वे 20 से 45 रन के बीच आउट हुए हैं। वे लंबी पारी नहीं खेल पा रहे हैं। भारतीय पिचों पर जब रोहित इतना संघर्ष कर रहे हैं तो इंग्लैंड के ओवल मैदान पर क्या होगा ? वहां तो गेंद को बाउंस और भरपूर स्विंग मिलेगी।
क्या रोहित को IPL से ब्रेक लेना चाहिए?
भारत के महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर की राय है कि रोहित को आत्मविश्वास प्राप्त करने के लिए आइपीएल के कुछ मैचों से ब्रेक लेना चाहिए। क्रिकेट की एकरसता से कुछ समय तक दूर रह कर वे फिर से लय पा सकते हैं। इससे रोहित मुम्बई और टीम इंडिया, दोनों के लिए अहम योगदान कर सकते हैं। मुम्बई अभी अंक तालिका में 7वें स्थान पर है। रोहित अच्छे नतीजों के लिए छटपटा रहे हैं और इसकी बेचैनी ने इनके खेल को प्रभावित कर रही है।
भारत के लिए आइपीएल से अधिक टेस्ट विश्व चैंपियनशिप का महत्व है। इसलिए रोहित ही नहीं, बल्कि भारतीय टीम के जो भी चयनित खिलाड़ी हैं, उन्हें ब्रेक लेकर अपने राष्ट्रीय अभियान में जुट जाना चाहिए। आइपीएल 2023 लगभग आधा सफर तय कर चुका है। आगे की जिम्मेदारी अब दूसरे खिलाड़ियों को सौंप देनी चाहिए।
वर्कलोड मैनेजमेंट पर अमल करने का समय
पहले बीसीसीआई ने कहा था कि भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर ध्यान दिया जाएगा और इसके लिए संबंधित फ्रेंचाइजी से विचार-विमर्श किया जाएगा। अब इस घोषणा पर अमल करने के समय आ गया है। आईपीएल 2023 का फाइनल 28 मई को होगा। इसके 9 दिन बाद ( 7 जून) ही भारत को ओवल (इंग्लैंड) के मैदान पर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है।
आईपीएल के बाद अगर भारतीय टीम के खिलाड़ी टेस्ट की तैयारी करेंगे तो भला उन्हें कितना समय मिल पाएगा? क्या भारत के थके हुए खिलाड़ी अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन कर पाएंगे ? जब कि दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया के अधिकतर खिलाड़ी तरोताजा हो कर इंग्लैंड पहुंचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications