इस मैदान पर खेला जाएगा WTC फाइनल... यहां टीम इंडिया का रिकॉर्ड बहुत खराब
पिछले साल न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के खिताब पर कब्जा जमाया था। अब टेस्ट चैंपियनशिप का दूसरा चक्र खेला जा रहा है, जिसको लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है।

नई दिल्ली: पिछले साल न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के खिताब पर कब्जा जमाया था। अब टेस्ट चैंपियनशिप का दूसरा चक्र खेला जा रहा है, जिसको लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है। दरअसल, अगले साल टूर्नामेंट का फाइनल लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा सकता है। ESPN क्रिकइंफो के खबर के मुताबिक, आईसीसी लॉर्ड्स में ही 2023 का फाइनल आयोजित करना चाहती है। अगले महीने होने वाली आईसीसी कार्यकारी समिति की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लग सकती है।
Recommended Video

सामने आया आईसीसी का बयान
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान दूसरे दिन आईसीसी अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने अपने बयान में कहा, ''मुझे लगता है कि ये लॉर्ड्स के लिए तय है। इरादा हमेशा से यही था। फाइनल जून में है, तो कई सारे वेन्यू अपने आप बाहर हो जाते हैं और हमें ये सुनिश्चित करना है कि कहां इसका आयोजन किया जाए। हम अब कोविड से बाहर निकल चुके हैं और इरादा यही है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी होने पर और तैयार होने की स्थिति में होने पर लॉर्ड्स में ही आयोजन हो।''

टीम इंडिया का रिकॉर्ड खराब
बता दें कि लॉर्ड्स के मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड बहुत ही खराब रहा है। भारत ने इस ऐतिहासिक मैदान पर 19 टेस्ट मैच खेले हैं और केवल 3 जीतने में सफलता मिली है। 12 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा और 4 मैच ड्रॉ रहे। टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा प्वॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया फिलहाल तीसरे पायदान पर है। भारत ने 12 में से 6 मैच जीते हैं और 3 में हार नसीब हुई है। दो मैच ड्रॉ रहा, जबकि एक का कोई परिणाम नहीं निकला। भारतीय टीम के पास 77 प्वॉइंट्स और टीम का जीत प्रतिशत 58.33 है। पहले पायदान पर ऑस्ट्रेलिया और दूसरे पर साउथ अफ्रीका मौजूद है। गत-विजेता न्यूजीलैंड फिलहाल छठे स्थान पर है।

पिछले साल भी लॉर्ड्स में होने था फाइनल
पिछले साल भी आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल लॉर्ड्स में ही खेला जाना था, लेकिन लगातार बढ़ते कोविड मामलों के चलते टूर्नामेंट के फाइनल को साउथैम्पटन में शिफ्ट कर दिया गया था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया ये ऐतिहासिक और यादगार मुकाबला छह दिन तक चला था। (एक दिन बारिश के चलते रिजर्व था) फाइनल में केन विलियमसन की कप्तानी वाली कीवी टीम ने विराट कोहली की अगुआई वाली टीम इंडिया को 8 विकेट से हराया था। फाइनल में तेज गेंदबाज काइल जैमिसन ने कुल 7 विकेट अपने नाम किए थे।












Click it and Unblock the Notifications