WTC Final 2023 में टीम इंडिया के सामने हैं कुछ बड़े सवाल, कैसी हो सकती है प्लेइंग 11
WTC Final Team India Possible 11: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम की प्लेइंग इलेवन कैसी हो सकती है, आइए यहां जानते हैं।

WTC Final Team India Playing 11: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल मुकाबले में आज लंदन के ओवल में इंग्लैंड की परिस्थितियों में भारत और ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) की टीमें एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी। टीम इंडिया की नजरें 2013 के बाद पहली आईसीसी ट्रॉफी पर हैं, तो आस्ट्रेलिया की टीम भी पहली बार ही टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची है।
दोनों टीमों के बीच टेस्ट क्रिकेट में कड़ी प्रतिद्वंदिता को देखते हुए एक रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है। इस मैच की प्लेइंग इलेवन की बात करें तो आस्ट्रेलिया की टीम भारत की तुलना में कहीं अधिक स्पष्ट दिखाई देती है जिसकी लाइन-अप पहले से ही सेट है।
लेकिन भारत के पास अभी कुछ सवालों के जवाब देने बाकी है। बड़ा सवाल यही है कि टीम इंडिया यहां तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी या चार तेज गेंदबाजों के? स्पिनरों में रविचंद्रन अश्विन व रवींद्र जडेजा की जोड़ी खेलेगी या नहीं। विकेटकीपिंग में सवाल है कि केएस भरत खेलेंगे या फिर ईशान किशन?
रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि वह मैच के दिन ही पिच को देखकर अंतिम प्लेइंग इलेवन पर फैसला लेंगे। ओपनिंग की बात है तो रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपन करेंगे। नंबर 3 पर चेतेश्वर पुजारा होंगे, तो नंबर चार पर विराट कोहली तय हैं।
नंबर पांच पर अजिंक्य रहाणे हो सकते हैं क्योंकि उनके अनुभव को सूर्यकुमार यादव के ऊपर वरीयता दी जाएगी। नंबर 6 पर रवींद्र जडेजा की जगह भी पक्की ही है। विकेटकीपिंग में ईशान किशन और भरत में किसी एक को लिया जाएगा, जिसमें भरत अपनी कीपिंग स्किल के चलते बाजी मारते हुए दिखाई देते हैं।
अश्विन पर भारतीय टीम पिच के हिसाब से फैसला लेगी। ओवल पर स्पिनरों ने भी बुरा नहीं किया है, जिसके चलते अश्विन भी आज के मैच के दावेदार हैं। मौके पर अश्विन और शार्दुल ठाकुर में कोई एक खेल सकता है। तेज गेंदबाजी में उमेश और उनादकट के बीच दिलचस्प फाइट है।
उमेश यादव अनुभवी हैं, लेकिन जयदेव उनादकट बाएं हाथ से गेंदबाजी करने के कारण बॉलिंग अटैक में एक नया एंगल जोड़ देते हैं। तो उमेश यादव और जयदेव उनादकट के बीच भी कोई एक ही खेलेगा। दो गेंदबाजों में मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज पक्के हैं।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन ऐसी हो सकती है
भारत (संभावित 11): 1. रोहित शर्मा (कप्तान), 2. शुभमन गिल, 3. चेतेश्वर पुजारा, 4. विराट कोहली, 5. अजिंक्य रहाणे, 6 रवींद्र जडेजा, 7. केएस भरत (विकेटकीपर), 8. रविचंद्रन अश्विन/शार्दुल ठाकुर, 9. उमेश यादव/जयदेव उनादकट, 10 मोहम्मद शमी, 11. मोहम्मद सिराज।












Click it and Unblock the Notifications