WTC Final से पहले ग्रीम स्वान ने कहा, 'अंग्रेज होने के नाते मैं चाहता हूं, भारत प्लीज हरा दो ऑस्ट्रेलिया को'
IND vs AUS: किसी अंग्रेज खिलाड़ी के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप मुकाबला पूरी तरह एकतरफा मामला है जहां वे टीम इंडिया को किसी भी हाल में आस्ट्रेलिया को हराते हुए देखना चाहते हैं।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) मुकाबला जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, रोमांच बढ़ता जा रहा है। 7 जून को लंदन के ओवल में भारत और ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) की टीमें एक-दूसरे के आमने-सामने हैं और दोनों ही पहली बार टेस्ट चैंपियन बनने की ओर देख रही हैं।
इसी बीच इंग्लैंड के प्रीमियर स्पिनर रह चुके ग्रीम स्वान (Graeme Swann) ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में फेवरेट टीम के बारे में बात की। मजेदार बात यह है स्वान ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को फेवरेट नहीं बताया और भारत को भी जीत का दावेदार नहीं बताया है, लेकिन एक अंग्रेज होने के नाते वे चाहते हैं कि किसी भी तरह भारत यह मुकाबला जीत जाए और अपने 10 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को समाप्त करें।
स्वान ने जियो सिनेमा पर बात करते हुए कहा कि ओवल की पिच पर तेज गेंदबाजों को निश्चित तौर पर मदद मिलने जा रही है, जिससे बल्लेबाजों को शुरू में दिक्कत हो सकती है। पिच फ्लैट है, तेज है और यहां पर थोड़ी बहुत घास रखी गई है, जिससे शुरुआती ओवरों में समस्याएं होंगी।
44 साल के इंग्लिशमैन ने आगे भविष्यवाणी करते हुए कहा, 'भारतीय टीम के पास भी कुछ अच्छे तेज गेंदबाज है। विजेता की बात करना थोड़ा जटिल है। लेकिन एक अंग्रेज होने के नाते इस गेम में मैं भारत को आस्ट्रेलिया को हराते हुए देखना चाहूंगा। प्लीज ऐसा करें।'
इसके अलावा स्वान ने यह भी कहा कि ओवल की पिच पर बहुत शानदार बाउंस देखने को मिलता है। जिससे मैच बढ़ने के साथ-साथ पिच पर क्रेक आते ही स्पिनर भी कारगर साबित हो सकते हैं। आप बल्लेबाजों के सामने स्पिन करते हुए सिली पॉइंट और शार्ट लेग लगाइए, जिससे आपको उछाल के साथ विकेट मिलने की संभावना बन सकती है।
समय बढ़ने के साथ-साथ जैसे-जैसे पिच बदलाव दिखाएगी वैसे-वैसे स्पिनरों के लिए मदद मिलती जाएगी। ऐसे में दोनों टीमों के संयोजन को देखना काफी दिलचस्प होगा। स्वान ने ओवल की पिच की तुलना लाल मिट्टी वाले वानखेड़े स्टेडियम से की। जहां पर स्पिन बाद में अपना रोल निभा सकती है। हालांकि आपको अंतिम पारी में डिफेंड करने के लिए काफी रनों की दरकार होगी।












Click it and Unblock the Notifications