ICC ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल का शेड्यूल किया जारी, द ओवल में खेला जाएगा खिताबी मैच
आईसीसी ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे एडिशन के फाइनल की घोषणा कर दी है। खिताबी मुकाबला इंग्लैंड के द ओवल ग्राउंड पर खेला जाएगा।

जिस आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए टीम इंडिया कल से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भिड़ने जा रही है, उस फाइनल का पूरा शेड्यूल आईसीसी की ओर से जारी कर दिया गया है। आईसीसी ने बुधवार को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे एडिशन के फाइनल के शेड्यूल की घोषणा कर दी है। आईसीसी की घोषणा के मुताबिक, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 का फाइनल 7 जून से 11 जून के बीच खेला जाएगा और इसका आयोजन इंग्लैंड के द ओवल ग्राउंड पर होगा।
फाइनल की रेस में तीन टीमें हैं आगे
आपको बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की यह लड़ाई पिछले 2 साल से चल रही थी। 2021 से इस चैंपियनशिप के दूसरे एडिशन की शुरुआत हुई थी और अब इसके फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया, भारत और श्रीलंका के बीच सीधी लड़ाई है। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की जगह लगभग पूरी तरह से पक्की है और अब दूसरे फाइनलिस्ट के लिए भारत और श्रीलंका में से किसी का नाम फाइनल होना है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से दूसरे फाइनलिस्ट का नाम तय हो जाएगा। अगर भारत इस सीरीज के तीन मैच जीत लेता है तो वो सीधा फाइनल में पहुंच जाएगा और अगर ऐसा नहीं होता है तो श्रीलंका की टीम फाइनल खेलेगी।
दो साल में इस चैंपियनशिप में हुए कुल 61 मैच
आपको बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे एडिशन में अभी तक कुल 24 श्रृंखला के 61 मुकाबले खेले गए हैं। कुछ महीने पहले तक दक्षिण अफ्रीका पॉइंट टेबल में टॉप पर चल रही थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के हाथों टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद दक्षिण अफ्रीका पॉइंट टेबल में काफी पीछे चली गई और उसका फायदा भारत को भी पहुंचा। WTC पॉइंट टेबल की वर्तमान स्थिति कुछ ऐसी है कि ऑस्ट्रेलिया टॉप पर है और भारत दूसरे स्थान पर है जबकि श्रीलंका तीसरे स्थान पर है।












Click it and Unblock the Notifications