WPL 2026: सोफी डिवाइन पर करोड़ों की बारिश, मेग लैनिंग को मिली नई टीम, जानें ऑक्शन के पहले घंटे की कहानी
WPL 2026 Auction: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2024) के लिए मिनी-ऑक्शन में कई बड़े खिलाड़ियों की अदला-बदली देखने को मिली। इस नीलामी में जहां कुछ बड़े नाम अनसोल्ड रहे, वहीं कुछ ऑलराउंडरों पर फ्रेंचाइजी ने जमकर पैसा लुटाया। खास बात यह रही कि कई टीमों ने अपनी पुरानी खिलाड़ियों को वापस पाने के लिए 'राइट टू मैच' (RTM) कार्ड का समझदारी से इस्तेमाल किया।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान अनसोल्ड, डिवाइन पर बड़ी बोली (WPL 2026 Auction)
ऑक्शन की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली से हुई, जिनका बेस प्राइस 50 लाख था। चौंकाने वाली बात यह रही कि उन्हें पहले राउंड में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा और वह अनसोल्ड रहीं। इसके तुरंत बाद न्यूजीलैंड की विस्फोटक ऑलराउंडर सोफी डिवाइन मैदान में उतरीं। डिवाइन का बेस प्राइस भी 50 लाख था, लेकिन उन्हें लेने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और गुजरात जायंट्स के बीच कड़ी होड़ देखने को मिली। इस दौड़ में दिल्ली कैपिटल्स भी शामिल हुई, लेकिन अंततः गुजरात जाएंट्स ने 2 करोड़ की भारी भरकम बोली लगाकर सोफी डिवाइन को अपनी टीम में शामिल कर लिया।

दीप्ति शर्मा की घर वापसी
भारतीय स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की नीलामी सबसे दिलचस्प रही। उनका बेस प्राइस 50 लाख था। उम्मीद थी कि उन्हें बड़ी रकम मिलेगी, लेकिन शुरुआत में केवल दिल्ली कैपिटल्स ने ही उनमें रुचि दिखाई। दिल्ली ने 3.2 करोड़ की बोली लगाई। जैसे ही नीलामी खत्म होने वाली थी, उनकी पुरानी टीम यूपी वॉरियर्स ने 'राइट टू मैच' (RTM) कार्ड का इस्तेमाल किया। RTM के तहत यूपी ने दिल्ली के 3.2 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। इस तरह यूपी वॉरियर्स द्वारा रिलीज़ किए जाने के बावजूद दीप्ति शर्मा 3.2 करोड़ में एक बार फिर अपनी पुरानी टीम यूपी वॉरियर्स में लौट आईं।
अमेलिया केर और एक्लेस्टोन पर बरसा पैसा
न्यूजीलैंड की एक और स्टार, अमेलिया केर को खरीदने के लिए मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स के बीच टक्कर हुई। अंत में, मुंबई इंडियंस ने अमेलिया केर को 3 करोड़ की बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में जोड़ा। इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन के लिए भी यूपी वॉरियर्स ने RTM कार्ड का इस्तेमाल किया। दिल्ली कैपिटल्स ने ₹85 लाख की बोली लगाई, जिसे यूपी वॉरियर्स ने RTM के माध्यम से स्वीकार करके एक्लेस्टोन को भी अपनी टीम में बरकरार रखा।












Click it and Unblock the Notifications