WPL 2023: ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज बल्लेबाज एलिसा हीली बनीं यूपी वॉरियर्ज की कप्तान
UP Warriorz Skipper Alyssa Healy: यूपी वॉरियर्ज ने नीलामी में हीली को 70 लाख रुपये में साइन किया। ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी खिलाड़ी हीली दुनिया की सबसे घातक सलामी बल्लेबाजों में से एक है।

Women's Premeir League: यूपी वॉरियर्ज ने बुधवार को अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज एलिसा हीली को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के पहले सीजन के लिए अपना कप्तान नियुक्त कर दिया है। यूपी वॉरियर्ज ने मुंबई में कुछ दिन पहले हुई महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की नीलामी में हीली को 70 लाख रुपये में साइन किया। हीली दुनिया की सबसे घातक सलामी बल्लेबाजों में से एक है।
2023 WPL में पांच टीमें ही शामिल हैं जिनमें तीन आईपीएल की बड़ी फ्रेंचाइजी हैं और दो टीमें नई हैं जिसमें से एक, यूपी वॉरियर्ज ने 13 फरवरी को हुए ऑक्शन में एक अच्छी तरह से संतुलित टीम बनाई थी जिसमें ऑस्ट्रेलिया के हीली सहित छह विदेशी खिलाड़ी शामिल थे। यहां यूपी वारियर्स को लखनऊ सुपर जायंट्स की फ्रेंचाइजी से जोड़ना नहीं देखना चाहिए क्योंकि यह अलग फ्रेंचाइजी है।
हीली को बहुत अनुभव है और वे खेल के सबसे पहचाने जाने वाले चेहरों में से एक हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 139 टी20 में एक शतक और 14 अर्द्धशतक के साथ लगभग 2,500 रन बनाए हैं। उन्हें खेल में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। कीपिंग में भी उन्होंने 110 शिकार किए हैं।
कप्तान एलिसा हीली ने इस मौके पर कहा "मुंबई में खेले जाने वाले ऐतिहासिक WPL के शुरुआती संस्करण में यूपी वॉरियर्स की कप्तानी करने का मौका पाकर मैं बहुत खुश हूं। डब्ल्यूपीएल एक ऐसा टूर्नामेंट है जिसका हम सभी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, और यूपी वॉरियर्स के पास एक शानदार टीम है। हम एक बार चीजें शुरू होने के बाद धूम मचाने का इंतजार कर रहे हैं। हमारे पास क्षमता है और साथ ही अनुभव और युवाओं का अच्छा मिश्रण है और हम अपने फैंस के लिए क्रिकेट का बढ़िया गेम देने के लिए उत्साहित हैं। साथ ही हम यहां जीतने और क्रिकेट के अपने ब्रांड में निर्मम होने के लिए हैं।"
हीली की बात कहती है कि वे निडर और विपक्षी टीम को कोई छूट नहीं देना चाहती है। क्रिकेट का निडर और निर्मम ब्रांड इस समय पूरी दुनिया में प्रचलित है।
इस अवसर पर बोलते हुए, कैपरी ग्लोबल होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, राजेश शर्मा ने कहा, "एलिसा खेल की लीजेंड हैं जिनके पास अपार अनुभव है, और जीतने की आदत भी है जो हम अपनी टीम में चाहते हैं। हमें आशा है कि एलिसा हीली के नेतृत्व में यूपी वारियर्स महत्वपूर्ण प्रगति कर सकता है, और यूपी की महिलाओं के लिए खुशी और प्रेरणा का स्रोत बन सकता है। मैं टीम को शुभकामनाएं देता हूं।"
महिला प्रीमियर लीग 4 मार्च से 26 मार्च, 2023 तक मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम और डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगी जहां कुल 22 मैच होंगे। यूपी वारियर्स अपने सीजन की शुरुआत 5 मार्च को करेंगे, जब उनका सामना डीवाई पाटिल स्टेडियम में दिन के दूसरे गेम में गुजरात जायंट्स से होगा।












Click it and Unblock the Notifications