WPL 2023 Points Table: मुंबई इंडियंस टॉप पर बरकरार, दिल्ली को मिली दूसरी हार, जानें प्वाइंट्स टेबल
WPL 2023 Points Table Updated: महिला आईपीएल में दिल्ली को दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद प्वाइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

WPL 2023 Points Table Updated: महिला प्रीमियर लीग का पहला सीजन अब तक शानदार गुजरा है। डीवाई पाटिल स्टेडियम और ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले जाने वाले अधिकतर मुकाबले बेहद रोमांचक रहे हैं। 5 टीमें एक ट्रॉफी की तरफ तेजी से अपना कदम बढ़ा रही है। इस रेस में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस सबसे आगे दिखाई पड़ रही हैं। जबकि स्मृति मंधाना की टीम आरसीबी प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे मौजूद हैं।
गुजरात ने दिल्ली को हराया
वीमेंस प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स को गुरुवार को दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। गुजरात के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स को मैच जीतने के लिए 148 रन बनाने थे, लेकिन पूरी टीम 18.4 ओवर में 136 रनों पर सिमट गई। इसके साथ ही दिल्ली को महिला आईपीएल के प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने के लिए और इंतजार करना होगा। वहीं इस जीत के साथ ही गुजरात की उम्मीदों में भी नए पंख लग गए हैं।
टॉप पर बरकरार है मुंबई की टीम
मुंबई इंडियंस के लिए महिला आईपीएल का अब तक का सफर शानदार रहा है। टीम ने अपने पांचों मुकाबलों में जीत हासिल की है। वह इस सीजन आईपीएल जीतने की प्रबल दावेदार बन गई है। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर नताली सिवर पर मुंबई ने इस सीजन के लिए सबसे बड़ा दांव खेला था। मुंबई फ्रेंचाइजी ने नताली को 3.2 करोड़ में खरीदा था। टीम का यह दांव अब तक परफेक्ट बैठा है। नताली के अलावा हरमनप्रीत कौर, एमिलिया कैर और हैली मैथ्यूज जैसी दिग्गज खिलाड़ी ने भी अपने प्रदर्शन से सभी को खासा प्रभावित किया है।
जानिए प्वॉइंट्स टेबल का हाल
मुंबई इंडियंस - 05 मैच, 05 जीत, 10 प्वाइंट्स, +3.325 NRR
दिल्ली कैपिटल्स- 06 मैच, 04 जीत, 02 हार, 08 प्वाइंट्स, +1.431 NRR
यूपी वॉरियर्स- 05 मैच, 02 जीत, 03 हार, 04 प्वाइंट्स, -0.196 NRR
गुजरात जायंट्स- 06 मैच, 04 हार, 02 जीत 04 प्वाइंट्स, -2.253 NRR
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर- 06 मैच, 05 हार,01 जीत, 02 प्वाइंट्स, -1.550 NRR












Click it and Unblock the Notifications