WTC Points Table: मैच ड्रॉ होने से भारत को भारी नुकसान, छिन गया नंबर-1 का ताज, जानें ताजा अपडेट
World Test Championship Points Table: पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल मैदान में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला ड्रा पर समाप्त हुआ। भारत इस मुकाबले को आसानी से जीत सकती थी। लेकिन बारिश ने भारत की जीत की उम्मीदों को तगड़ा झटका देने का काम किया।
बारिश बनी विलेन: दूसरे टेस्ट मैच में बारिश ने मैच में खलल डाला। पांचवें दिन तो बारिश के कारण एक ओवर भी नहीं फेंका जा सका। पांचवें दिन का खेल बारिश की वजह से पूरी तरह से धुल गया। बारिश होने के कारण वेस्टइंडीज को इस मैच में फायदा मिला और वह मुकाबले को ड्रॉ कराने में सफल रही। हालांकि, भारत ने 1-0 से सीरीज अपने नाम कर ली।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में नुकसान: मैच ड्रॉ होने की वजह से भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल में भारी नुकसान झेलना पड़ा है। पहला मैच जीतने के बाद भारतीय टीम के पास 12 अंक थे, लेकिन दूसरा टेस्ट ड्रॉ होने से उनको सिर्फ 4 अंक ही मिल पाए। जिस कारण भारतीय टीम अब नंबर एक के स्थान से खिसककर दो पर आ गई है।
छिन गया नंबर-1 का ताज: भारतीय टीम का अंक प्रतिशत 100 से कम होकर 66.67 फीसदी पर आ गया जिस कारण उन्हें पहले स्थान से हटना पड़ा। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले को 4 विकेट से जीतने वाली पाकिस्तान की टीम अभी पहले नंबर पर विराजमान है। पाकिस्तान दूसरे टेस्ट मैच को भी जीतने के बेहद करीब है।
जानें इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया का हाल: दूसरी तरफ एशेज सीरीज में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक खेले गए चार मुकाबलों में एक मैच ड्रा पर खत्म हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने दो तो वहीं इंग्लैंड ने अब तक इस सीरीज में एक जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 4 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसके बाद उनका अंक प्रतिशत 54.17 का है और वह प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। जबकि इंग्लैंड की टीम चौथे स्थान पर बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications