World Cup: वर्ल्ड कप फाइनल टाई होने पर क्या होगा? सुपर ओवर या बाउंड्री काउंट कैसे होगा विनर का फैसला
World Cup 2023, Super Overs and Boundary Count Rule: 15 नवंबर से वनडे वर्ल्ड कप 2023 के नॉकआउट मैच की शुरुआत होने जा रही है। भारत, साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीमों ने वर्ल्ड कप 2023 के लिए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वनडे वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 15 नवंबर को ये दोनों ही टीमें टकराएगी।
टाई हुआ था पिछला फाइनल: साल 2019 का वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मैच काफी रोमांचक रहा था। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा। इतना ही नहीं दोनों ही देश के बीच खेला गया सुपर ओवर मुकाबला भी टाई पर आकर खत्म हो गया था। इसके बाद बाउंड्री काउंट के जरिए विनर का फैसला किया गया। जिसके बाद इस नियम को लेकर काफी आलोचना की गई थी।

जानिए अब क्या है नियम: बाउंड्री काउंट वाला नियम काफी विवादों में रहा था। जिसके बाद साल 2019 के ही अक्टूबर में इस नियम को हटा दिया गया। अब अगर नॉकआउट मैच टाई होता है और उसके बाद सुपर ओवर खेलने के बाद अगर सुपर ओवर भी टाई हो जाता है तो उस स्थिति में फिर से सुपर ओवर कराया जाएगा। यह सुपर ओवर तब तक होंगे जब तक कोई एक टीम मैच जीत नहीं जाती है।
नॉक आउट मैचों का ये है शेड्यूल: साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीमों ने साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वनडे वर्ल्ड कप में अब तीन मुकाबले बच गए हैं। तीन मैच के बाद साल 2023 के वर्ल्ड चैंपियन का नाम सामने आ जाएगा। नॉक आउट स्टेज का पहला मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच वानखेड़े में 15 नवंबर को खेला जाएगा। दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीम कोलकाता में भिड़ेगी। वहीं टूर्नामेंट का आखिरी और फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications