World Cup Final: 20 साल बाद फाइनल में होगी भारत-ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत, रोहित लेंगे 'दादा' गांगुली का बदला
World Cup 2023 final India vs Australia: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को तीन विकेट से हराकर वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में जगह बना ली है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 नवंबर यानी कि रविवार को वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप के फाइनल में भिड़ेगी। दोनों टीमों की कोशिश फाइनल मैच को जीतने की होगी।
20 साल बाद फाइनल में सामना: वनडे वर्ल्ड कप में 20 साल बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम फाइनल में खेलने वाली है। इससे पहले साल 2003 में भारत और ऑस्ट्रेलिया का सामना फाइनल मुकाबले में हुआ था। इस मैच को ऑस्ट्रेलिया ने आसानी के साथ जीत लिया था। सौरव गांगुली की कप्तानी में भारतीय टीम साल 2003 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को जीतने में असफल रही थी।

बदला लेना चाहेगा भारत: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा की कोशिश 20 साल बाद उस पुराने हार का बदला लेने की होगी। भारतीय टीम ने अब तक जिस तरीके का प्रदर्शन किया है, उसे देखकर भारतीय टीम फेवरेट मानी जा रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम जीत के सिलसिले को बरकरार रखते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाना चाहेगी। रोहित शर्मा के पास भारत के लिए बतौर कप्तान इतिहास रचने का मौका होगा।
2011 में मिली थी जीत: साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने फाइनल मैच में श्रीलंका को हराकर इतिहास रचा था। वहीं भारतीय टीम ने अपना आखिरी आईसीसी खिताब साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में जीता था। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत के पास 10 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी को जीतने का मौका है।












Click it and Unblock the Notifications