महिला वर्ल्ड कप सेमीफाइनल देखने जाएंगे जय शाह, भारत का मैच ऑस्ट्रेलिया से होगा
भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में जगह हासिल की है, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय महिलाओं का मुकाबला केपटाउन में होगा।

Women's T20 World Cup 2023: आईसीसी महिला T20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। भारतीय महिलाओं ने सेमीफाइनल में जगह बना ली, जहां उनका मुकाबला ग्रुप ए में टॉप पर रहने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम से होगा। 23 फरवरी को यह मुकाबला केपटाउन के न्यूलैंड्स में खेला जाएगा। भारतीय टीम का प्रयास यही रहेगा इस मुकाबले को जीतकर फाइनल में पहुंचा जाए। एक अहम खबर यह भी है कि इस मैच को देखने के लिए बीसीसीआई सचिव जय शाह दक्षिण अफ्रीका जा सकते हैं।
जय शाह जाएंगे मैच देखने
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक एक सूत्र ने कहा है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले के लिए जय शाह वहां जाएंगे। उन्होंने भारतीय महिला टीम को मोटिवेट करने के लिए वहां जाने का फैसला लिया है।
भारत का सफर अच्छा रहा है
टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था लेकिन टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह हासिल करने में सफल रही। इसके लिए भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ करो या मरो की स्थिति वाले मैच में जीत दर्ज करनी थी। टीम इंडिया ने बारिश से प्रभावित इस मैच में डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से 5 रनों से जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया एक भी मैच नहीं हारी
दूसरी तरफ वर्ल्ड की टॉप टीम ऑस्ट्रेलिया महिला T20 वर्ल्ड कप में खिताब की हैट्रिक लगाने का प्रयास करेगी। ग्रुप स्टेज में नंबर एक पर रहने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम वर्ल्ड कप जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। ग्रुप चरण के सभी चारों मुकाबलों में ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत मिली थी। इसे देखते हुए भारतीय टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में रोक पाना आसान काम नहीं होगा। हालांकि भारतीय टीम की क्षमता पर भी किसी को शक नहीं होना चाहिए। सामूहिक प्रयास करने पर भारत को हराना भी ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए आसान काम नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications