IND vs CAN: क्या यशस्वी जायसवाल कनाडा के खिलाफ आज खेलेंगे? जानें प्लेइंग 11 को लेकर अपडेट
India vs Canada: भारत और कनाडा के बीच टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप ए का मुकाबला आज फ्लोरिडा में खेला जाना है। भारतीय टीम का यह अंतिम लीग मुकाबला है। अब तक खेले गए सभी तीनों मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है। अंतिम मैच में भी जीतने का लक्ष्य रहेगा।
भारतीय टीम के लिए अब तक खेले गए तीनो मैचों में बतौर ओपनर बल्लेबाज विराट कोहली खेलते हुए दिखे हैं। कप्तान रोहित शर्मा के साथ कोहली की बैटिंग जमी नहीं है। विराट कोहली तीनों मैचों में फ्लॉप रहे हैं। टीम में रेगुलर ओपनर होने के बाद भी कोहली से ओपन कराया जा रहा है।

इस बीच तीन मैचों में लगातार फ्लॉप रहने के बाद ओपनिंग स्लॉट में बदलाव की माँग भी उठी है। क्या ऐसा किया जाएगा, यह देखने वाली बात होगी। भारतीय टीम में बतौर ओपनर यशस्वी जायसवाल हैं। अगर उनको शामिल किया जाएगा, तो कोहली नीचे खेलेंगे।
जायसवाल को टीम में लाने का मतलब यह भी होगा कि प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव। अब तक तीनों मैचों में जीत दर्ज करने वाली टीम में बदलाव करने की संभावना ज्यादा नजर नहीं आती है। बड़े इवेंट्स में विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ जाना ही सही रहता है।
एक और अहम बात यह भी है कि अगर जायसवाल खेलते हैं, तो शिवम दुबे को ही बाहर करना पड़ेगा। यह संभव नहीं दिख रहा क्योंकि दुबे ने पिछले मैच में यूएस के खिलाफ भारतीय टीम को जीत दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में टीम में बदलाव का कारण नहीं दिखाई देता।
अगर अक्षर पटेल को बाहर कर दिया जाता है, तो एक गेंदबाज कम हो जाएगा। रोहित शर्मा गेंदबाजी ऑप्शन कम करना कभी नहीं चाहेंगे। इन सभी चीजों को देखते हुए कहा जा सकता है कि विराट कोहली एक बार फिर से ओपन कर सकते हैं और जायसवाल को बेंच पर बैठना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications