क्या ईशान किशन को टी20 वर्ल्ड कप टीम में मिलेगी जगह? जानिए उनका धांसू जवाब
Ishan Kishan: आईपीएल में ईशान किशन अपने गेम में सुधार करते हुए मुंबई इंडियंस की बेहतरी का कार्य कर रहे हैं। बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलते हुए ईशान किशन ने अपने पिछले मैच में आरसीबी के खिलाफ धुआंधार अर्धशतकीय पारी खेली थी। किशन बीसीसीआई के वार्षिक अनुबंध से बाहर हैं।
ईशान किशन इस समय वर्ल्ड कप में खेलने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। जून में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है। उनका मानना है कि वर्ल्ड कप में खेलना उनके हाथ में नहीं है। उनका कहना है कि फ़िलहाल ध्यान सिर्फ आईपीएल के ऊपर ही है। एक बार में एक ही मैच के बारे में सोच रहा हूँ।

ईशान किशन ने कहा कि मैं फ़िलहाल चीजों को आराम से ले रहा हूँ, वर्ल्ड कप खेलना मेरे हाथ में नहीं है। एक बार में आपको सिर्फ एक ही मैच के बारे में सोचना चाहिए। आपको समझना होगा कि कई चीजें ऐसी होती हैं, जो खिलाड़ियों के हाथ में नहीं होती है।
किशन ने यह भी कहा कि आईपीएल एक बड़ा इवेंट है, मैं ओवरस्टेप नहीं करना चाहता। मैं किस तरह टीम की मदद कर सकता हूँ, उस हिसाब से एक बार में उसी गेम के ऊपर ध्यान केन्द्रित करता हूँ। मेरा मकसद सिर्फ टीम के बारे में सोचते हुए उस मैच में खेलना होता है।
गौरतलब है कि हालिया समय में ईशान किशन काफी विवादों में भी रहे हैं। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने नहीं खेला था। बीसीसीआई की तरफ से निर्देश देने के बाद भी किशन का रवैया ठीक नहीं था। वह आईपीएल की तैयारी करने में लग गए थे। इसके बाद बीसीसीआई ने उनको वार्षिक अनुबंध से बाहर कर दिया था।
ईशान किशन अंतिम बार भारत के लिए टी20 क्रिकेट में साल 2023 के नवम्बर में खेले थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में भारत दौरे के समय टेस्ट सीरीज से ब्रेक लेने का निवेदन किया था। इसके बाद विवादों में आ गए। दुबई में उनको पार्टी करते हुए देखा गया था। यहाँ से बीसीसीआई का रुख कड़ा हो गया था।
किशन बोर्ड के अनुबंध से बाहर जरुर हैं लेकिन उनको टी20 वर्ल्ड कप की टीम में शामिल किया जा सकता है। अगर आईपीएल में उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा रहता है, तो वह टी20 वर्ल्ड कप की भारतीय टीम में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज शामिल किये जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications