WI vs IND: 10 साल और 192 मैचों के बाद मैदान पर उतरा भारतीय खिलाड़ी, वापसी कर किया हैरान
WI vs IND: वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिनिदाद में भारतीय टीम वनडे सीरीज के अंतिम मुकाबले में खेल रही है। टीम इंडिया के लिए करो मरो वाला मैच है। यही स्थिति वेस्टइंडीज की टीम के लिए भी है। वेस्टइंडीज और भारत दोनों टीमों ने 1-1 मुकाबले में जीत दर्ज की है।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव देखने को मिला है। अक्षर पटेल की जगह जयदेव उनादकट को शामिल किया गया है। ऋतुराज गायकवाड़ को उमरान मलिक की जगह टीम में शामिल किया गया है। हार्दिक पांड्या कप्तान हैं और रोहित शर्मा टीम में नहीं खेल रहे।

जयदेव उनादकट को लेकर एक दिलचस्प फैक्ट सामने आया है। उनादकट ने अंतिम बार वनडे मैच 10 साल पहले 2013 में खेला था। अहम बात यह भी है कि उन्होंने कोच्चि में वह मुकाबला वेस्टइंडीज की टीम के खिलाफ ही खेला था। अब एक दशक के बाद वह फिर से उसी टीम के खिलाफ खेल रहे हैं।
अपने पिछले मुकाबले से लेकर इस मुकाबले तक उनादकट ने 192 वनडे मिस किये। टीम इंडिया ने इतने वनडे 10 साल में खेले हैं। उनसे पहले साईराज बहुतुले ने 196 मैच मिस किये थे। बहुतुले ने पांच साल के समय में ही इतने मुकाबले मिस कर दिए थे। अब टी20 का जमाना होने की वजह से उनादकट को 10 सालों का समय लग गया।
पिछले मैच की भारतीय प्लेइंग इलेवन में कोहली और रोहित शर्मा नहीं खेले थे। इस बार भी दोनों खिलाड़ी बाहर हैं। पिछले मैच में इन दोनों के नहीं होने पर बीसीसीआई को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। राहुल द्रविड़ ने कहा था कि अन्य खिलाड़ियों को मौका देने के लिए बड़े खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
हालांकि इस मैच में रोहित और कोहली को खिलाया जा सकता था। अंतिम मैच है और सीरीज भी 1-1 की बराबरी पर चल रही है। ऐसे में रोहित और कोहली का टीम में होना जरूरी था। हार्दिक पांड्या की एक बार फिर से परीक्षा देखने को मिलेगी। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।












Click it and Unblock the Notifications