WI vs IND: भारत ने वेस्टइंडीज को 200 रनों से हराकर सीरीज 2-1 से की अपने नाम
WI vs IND: भारत ने तीसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को 200 रनों से हराते हुए 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 5 विकेट पर 351 रन बनाए। वेस्टइंडीज की टीम 151 रनों के स्कोर पर आउट हो गई। भारत ने वेस्टइंडीज में सातवीं सीरीज जीती है।
टॉस हारकर पहले खेलते हुए टीम इंडिया ने धमाका कर दिया ईशान किशन और गिल की जोड़ी ने मिलकर रन बरसाए और पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़े। ईशान किशन ने सीरीज में लगातार तीसरी फिफ्टी जड़ी और 77 रन बनाकर आउट हुए। गायकवाड़ नहीं चले और 8 रन बनाकर चलते बने।

गिल ने भी अपने बल्ले से आग उगलते हुए 85 रन जड़े। उनके अलावा संजू सैमसन ने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 41 गेंदों में ही 51 रन ठोके। अच्छी शुरुआत का फायदा हर किसी ने उठाया और ताबड़तोड़ रन बरसाए। कप्तान पांड्या भी पीछे नहीं रहे।
हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के बीच अहम भागीदारी हुई लेकिन सूर्या 35 रन बनाकर चलते बने। पांड्या ने अंत तक खेलते हुए 52 गेंदों में नाबाद 70 रन जड़े। उनके बल्ले से 5 छक्के और 4 चौके आए। इस तरह भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 351 का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। रोमारियो शेफर्ड ने 2 विकेट झटके।
जवाब में खेलते हुए वेस्टइंडीज ने ब्रेंडन किंग का विकेट गंवाया। वह बिना खाता खोले आउट हुए। उनके बाद कायल मेयर्स 4 रन बनाकर चलते बने। यहाँ से टीम की स्थिति लगातार खराब होती चली गई। एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। एलिक अथान्जे ने 32 रन की पारी खेली।
भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को दबाव से बाहर आने का मौका नहीं दिया और नियमित अन्तराल पर विकेट झटके। 8 विकेट गिरने के बाद अल्जारी जोसेफ ने 26 रनों की पारी खेली। उनके साथ गुडाकेश मोती भी टिके। वह 39 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम 151 पर आउट हो गई। शार्दुल ठाकुर ने 4 और मुकेश कुमार ने 3 विकेट झटके। कुलदीप यादव को 2 विकेट मिले।












Click it and Unblock the Notifications