WI vs IND: भारत के दोनों ओपनरों ने जड़ा शतक, जायसवाल और कोहली नाबाद लौटे, टीम इंडिया के पास बड़ी बढ़त
WI vs IND: डोमिनिका टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट पर 312 रनों का स्कोर बनाया। टीम इंडिया की कुल बढ़त 162 रनों की हो गई है। यशस्वी जायसवाल 143 और विराट कोहली 36 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारतीय टीम ने दूसरे दिन भी पूरी तरह से डोमिनेट किया।
पहले सेशन में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर धीमी गति से पारी को आगे बढ़ाया। इस सेशन में वेस्टइंडीज के खिलाड़ी विकेट के लिए तरसते रहे। रोहित शर्मा और जायसवाल के बीच शतकीय भागीदारी हुई और दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किये।

दूसरे सेशन में रोहित शर्मा और जायसवाल ने आँखें जमने का फायदा उठाया। दोनों ने कमजोर गेंदों को सीमा रेखा से बाहर पहुंचाया। सिंगल और डबल पर भी इन दोनों ने फोकस किया। जायसवाल ने अपने डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ दिया। वह ऐसा करने वाले 17वें भारतीय बन गए। डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ने वाले तीसरे ओपनर भी जायसवाल बन गए।
रोहित शर्मा ने जायसवाल के बाद अपना शतक पूरा कर लिया। टेस्ट क्रिकेट में उनके बल्ले से 10वां शतक आया। दोनों के बीच 229 रनों की भागीदारी हुई। वेस्टइंडीज में भारत के लिए पहले विकेट की यह सबसे बड़ी भागीदारी रही। इसके अलावा एशिया से बाहर भारत के लिए यह सबसे बड़ी भागीदारी थी। रोहित और जायसवाल ने सुनील गावस्कर और चेतन शर्मा (213) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भारत के लिए टेस्ट में 11वीं बार दोनों ओपनरों ने एक पारी में शतक जड़ा।
शतक के बाद रोहित शर्मा 103 के निजी स्कोर पर एलिक एथान्जे का शिकार बन गए। उनके बाद खेलने के लिए आए शुभमन गिल बैटिंग विकेट का फायदा नहीं उठा पाए और 6 रन बनाकर चलते बने। जायसवाल शतक के बाद भी एक छोर पर टिके थे।
विराट कोहली ने जायसवाल के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। कोहली ने टेस्ट में 8500 रन पूरे किये। स्टंप्स से पहले टीम इंडिया के 300 रन पूरे हो गए। कोहली ने 25 रन बिना चौके के बनाए और इसके बाद पहली बाउंड्री जड़ी। स्टंप्स तक भारत ने 2 विकेट पर 312 रन बनाए। जायसवाल 143 और कोहली 36 रन बनाकर नाबाद लौटे। अथान्जे और वॉरीकैन ने 1-1 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications