IPL 2026: रिंकू सिंह बनने वाले हैं शाहरूख खान की टीम के कप्तान? KKR के इस फैसले ने दे दिया सबसे बड़ा संकेत
Rinku Singh: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2026 के आगाज से पहले अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है। टीम के चहेते और फिनिशर रिंकू सिंह को आधिकारिक तौर पर टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। यह घोषणा कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में आयोजित 'Knights Unplugged 3.0' इवेंट के दौरान की गई।
रिंकू सिंह अब अनुभवी कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर टीम की कमान संभालेंगे। मैनेजमेंट ने इस सीजन के लिए अजिंक्य रहाणे पर अपना भरोसा बरकरार रखा है, लेकिन रिंकू सिंह को उप-कप्तान बनाकर भविष्य के लिए एक बड़ा संकेत दे दिया है।

रिंकू ने इस पद पर वेंकटेश अय्यर की जगह ली है, जो अब आरसीबी का हिस्सा बन चुके हैं। केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर और हेड कोच अभिषेक नायर ने साफ किया कि रिंकू को यह जिम्मेदारी देना एक लॉन्ग-टर्म विजन का हिस्सा है। टीम उन्हें भविष्य के कप्तान के रूप में तैयार करना चाहती है।
80 लाख से 13 करोड़ तक का जादुई सफर
रिंकू सिंह की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। साल 2018 में केकेआर ने उन्हें मात्र 80 लाख रुपये में खरीदा था। अपनी मेहनत और आखिरी ओवरों में छक्के मारने की काबिलियत के दम पर वे आज टीम के सबसे अनमोल प्लेयर बन चुके हैं। आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले केकेआर ने उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। अब उप-कप्तान बनाकर फ्रेंचाइजी ने यह साबित कर दिया है कि रिंकू सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि केकेआर की पहचान बन चुके हैं।
क्या रिंकू को बनाया जाएगा कप्तान
रिंकू सिंह को उपकप्तान बनाने के पीछे मंशा साफ़ दिख रही है। इस आईपीएल के बाद उनको कप्तानी भी मिल सकती है। यह सबको मालूम है कि अजिंक्य रहाणे केकेआर के लिए शायद अंतिम सीजन खेल रहे हैं। उनके जाने पर कप्तानी करने के लिए दूसरे खिलाड़ी की आवश्यकता रहेगी। इस वजह से रिंकू सिंह को उनकी जगह लेने के लिए तैयार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications