एशियन गेम्स में क्रिकेट के लिए जापान ने क्यों नहीं बनाया बड़ा स्टेडियम? वजह जानकार आप कहेंगे सही फैसला
जापान में होने वाले एशियन गेम्स में क्रिकेट को लेकर इन दिनों स्टेडियम की सुविधाओं पर सवाल उठ रहे हैं। क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन निशिन सिटी के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होना है। खास बात यह है कि यह कोई क्रिकेट स्टेडियम नहीं, बल्कि बेसबॉल ग्राउंड है, जिसे एशियन गेम्स के लिए क्रिकेट के मैदान में बदला जाएगा। यहां खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम और टॉयलेट जैसी कुछ सुविधाएं भी अस्थायी तौर पर तैयार की जाएंगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस व्यवस्था को लेकर बीसीसीआई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से सवाल उठाए गए थे। जाहिर तौर पर एक अंतरराष्ट्रीय इवेंट स्थायी सुविधाओं के बिना मुकाबले होने से थोड़ा अजीब तो लगता है लेकिन इस पूरे मामले को सिर्फ सुविधाओं के नजरिए से देखना शायद सही नहीं होगा।

सिर्फ 14 मैचों के लिए नया स्टेडियम बनाना कितना सही?
एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट के कुल 14 मुकाबले (महिलाओं के अलग) खेले जाने हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या केवल 14 मैचों के लिए जापान को करोड़ों-अरबों रुपये खर्च करके एक नया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाना चाहिए था?
किसी भी देश के लिए स्टेडियम सिर्फ बनाने तक का खर्च नहीं होता। उसके बाद उसका रखरखाव, स्टाफ, मैदान की देखभाल और नियमित इस्तेमाल भी जरूरी होता है। जापान में क्रिकेट की लोकप्रियता अभी उस स्तर पर नहीं है कि 30-50 हजार दर्शकों की क्षमता वाला क्रिकेट स्टेडियम लगातार इस्तेमाल हो सके।
यही वजह है कि मौजूदा बेसबॉल मैदान को क्रिकेट के लिए तैयार करना ज्यादा व्यावहारिक विकल्प दिखाई देता है। यह वैसा ही है जैसे भारत में बेसबॉल के लिए स्थायी वर्ल्ड क्लास स्टेडियम नहीं हैं, क्योंकि यहां उस खेल की लोकप्रियता क्रिकेट जैसी नहीं है।
जापान में स्टेडियम बनाना इतना महंगा क्यों होगा?
अगर जापान में अंतरराष्ट्रीय स्तर का 30 से 50 हजार सीट वाला स्टेडियम बनाया जाए तो बनाने की लागत ही काफी ज्यादा हो सकती है। इसके अलावा जापान के सख्त भूकंपरोधी निर्माण मानक लागत को और बढ़ा देंगे।
जमीन की कीमत भी एक बड़ा मुद्दा है, खासकर बड़े शहरों के आसपास जमीन मुश्किल है। इसके अलावा जापान में भारी बारिश और टाइफून जैसी परिस्थितियों को देखते हुए क्रिकेट मैदान के लिए आधुनिक ड्रेनेज और टर्फ सिस्टम की जरूरत होगी। इन सभी चीजों को जोड़ने पर ऐसे प्रोजेक्ट की लागत 1000 करोड़ से ऊपर पहुंच सकती है।
फिर अस्थायी इंतजाम क्यों गलत नहीं?
यहां असली सवाल सुविधाओं की तुलना से ज्यादा जरूरत और उपयोगिता का है। अगर एशियन गेम्स खत्म होने के बाद उस स्टेडियम में नियमित तौर पर क्रिकेट नहीं खेला जाना है, तो सिर्फ एक आयोजन के लिए इतना बड़ा निवेश करना संसाधनों का सही इस्तेमाल नहीं माना जाएगा।
इसलिए कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क को क्रिकेट के मुताबिक अस्थायी तौर पर तैयार करना भले ही खिलाड़ियों और टीमों के लिए आदर्श स्थिति न हो लेकिन जापान के नजरिए से यह एक व्यावहारिक समाधान है। एशियन गेम्स में क्रिकेट को जगह मिलना खुद इस खेल के लिए जापान में बड़ा कदम है। स्थायी स्टेडियम की कमी को इसी संदर्भ में देखना ज्यादा सही होगा।
अमेरिका में भी तो बना था अस्थायी स्टेडियम
अगर भारत में आईपीएल के 2-3 मैचों के लिए अगर कोई नया स्टेडियम बना दिया जाए, तो यह बेवकूफी होगी क्योंकि उस स्टेडियम का कोई इस्तेमाल नहीं होगा। भारत में तो कई स्टेडियम आज भी धूल फांक रहे हैं, उनको देखने वाला कोई नहीं है, ऐसे में जापान में अस्थायी स्टेडियम एकदम सही फैसला है। अमेरिका में टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भी अस्थायी स्टेडियम बनाया गया था, जिसे बाद में तोड़ दिया गया था।


Click it and Unblock the Notifications
