IND vs AFG: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने की BCCI से मैच की तारीख बदलने की मांग, कारण जीत लेगा दिल
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में होने वाली टी20 सीरीज को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। तीन मैचों की इस सीरीज की तारीखों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड चाहता है कि दिल्ली में होने वाले मुकाबलों में से एक मैच 14 सितंबर को कराया जाए। अभी सीरीज के मैच 13, 15 और 17 सितंबर को प्रस्तावित हैं।
14 सितंबर को गणेश चतुर्थी है और इसी वजह से अफगानिस्तान बोर्ड को उम्मीद है कि उस दिन स्टेडियम में ज्यादा दर्शक पहुंच सकते हैं। छुट्टी होने के कारण सोमवार को होने वाला मुकाबला भी दर्शकों के लिए सुविधाजनक हो सकता है। तारीख बदलने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सहमति जरूरी होगी।

अगर दोनों बोर्ड इस बदलाव पर सहमत होते हैं तो मौजूदा कार्यक्रम में से 13 या 15 सितंबर का मुकाबला हटाकर उसे 14 सितंबर को कराया जा सकता है। फिलहाल इस संबंध में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है और आधिकारिक कार्यक्रम में अभी 13, 15 तथा 17 सितंबर की तारीखें ही बनी हुई हैं।
तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने हैं। इस सीरीज को लेकर ब्रॉडकास्ट अधिकारों पर भी बातचीत शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अफगान बोर्ड की सोनी स्पोर्ट्स और स्टार स्पोर्ट्स के साथ चर्चा चल रही है। ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए फैनकोड का नाम सामने आ रहा है।
पहली बार भारत को होस्ट करेगा अफगानिस्तान
भारत और अफगानिस्तान की यह सीरीज दोनों टीमों के लिए खास अहमियत रखती है। इन मुकाबलों को अफगानिस्तान के फ्यूचर टूर प्लान्स का हिस्सा माना गया है। खास बात यह है कि अफगानिस्तान अपने घरेलू मैच भारत में आयोजित करता रहा है, लेकिन इस बार पहली बार वह भारत के खिलाफ अपने घरेलू मुकाबले भी भारतीय जमीन पर खेलेगा।
एशियन गेम्स से पहले अच्छा मौका
इन मैचों का असर दोनों टीमों की आगे की तैयारियों पर भी पड़ेगा। सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियन गेम्स को देखते हुए भारत और अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज अपनी तैयारियों को परखने का अच्छा मौका होगी। खासकर टी20 फॉर्मेट में टीम संयोजन और खिलाड़ियों की भूमिका तय करने के लिहाज से मुकाबले अहम रहेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
