Who Will Win Today IPL Match: पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स का मैच कौन जीतेगा? हेड टू हेड में किसका दबदबा
Who Will Win Today IPL Match: आईपीएल 2025 के लीग स्टेज का अंतिम वीकेंड जबरदस्त रोमांच लेकर आया है। शनिवार को जयपुर में पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच सीजन का 66वां मुकाबला खेला जाएगा। जहां पंजाब के पास टॉप-2 में जगह बनाने की उम्मीदें जिंदा हैं, वहीं दिल्ली इस सीजन की अपनी विदाई जीत के साथ करने के इरादे से उतरेगी। एक्शन से पहले हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर एक नजर डालते हैं।
इन दोनों टीमों की पिछली टक्कर धर्मशाला में होनी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से वह मैच बीच में ही रद्द कर दिया गया। उस वक्त दिल्ली का पलड़ा भारी लग रहा था, लेकिन पंजाब ने दो अंक गंवाए बिना उस मुकाबले से बाहर निकलने की राहत जरूर पाई थी। अब उसी मैच का रीमैच जयपुर में होगा- लेकिन हालात, माहौल और समीकरण सब बदल चुके हैं।

हेड टू हेड में किसका दबदबा?
अब तक 34 मैचों में आमना-सामना हुआ है:
- पंजाब किंग्स ने जीते: 17 मैच
- दिल्ली कैपिटल्स ने जीते: 16 मैच
- एक मुकाबला बेनतीजा रहा
यानि मुकाबला पूरी तरह से नाक-से-नाक टक्कर वाला रहा है, और PBKS सिर्फ एक जीत से आगे है।
कौन सी टीम लग रही है मजबूत?
पंजाब किंग्स (PBKS): टॉप-2 की दौड़ में मजबूत दावेदार
पंजाब किंग्स इस वक्त 17 अंकों के साथ टॉप-2 में जगह बनाने की रेस में मजबूती से टिकी हुई है। टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी गहराई वाली बल्लेबाजी है, जिसमें पॉवर-हिटर्स की भरमार है। जोश इंग्लिस, मार्कस स्टोइनिस और ऐरन हार्डी जैसे विदेशी खिलाड़ी अब पूरी तरह उपलब्ध हैं, जिससे उनकी बैटिंग लाइनअप और भी मजबूत हुई है।
वहीं स्पिन डिपार्टमेंट में हरप्रीत बरार की मौजूदगी भी पंजाब के लिए प्लस पॉइंट है। खासकर बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड जबरदस्त रहा है।
दिल्ली कैपिटल्स (DC): टूर्नामेंट से बाहर, लेकिन खतरा बरकरार
दिल्ली कैपिटल्स अब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन ऐसी टीमें अक्सर 'पार्टी स्पॉइलर बन जाती हैं। हालांकि उनकी चुनौतियां कम नहीं हैं- कप्तान अक्षर पटेल की फिटनेस पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। साथ ही, मुकेश कुमार और विप्रज निगम भी पिछली गेम में फिटनेस इश्यू से जूझते नजर आए थे।
फिर भी दिल्ली की टीम में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और अगर कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ी फॉर्म में लौटे, तो वह पंजाब के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। तनावमुक्त माहौल में खेलने वाली टीमें अक्सर ज़्यादा खतरनाक होती हैं- और दिल्ली के पास खोने को अब कुछ नहीं है।
आज का मैच कौन जीत सकता है?
फॉर्म, कॉम्बिनेशन और लक्ष्य को देखते हुए पंजाब किंग्स का पलड़ा भारी लग रहा है। दिल्ली अगर कुलदीप यादव जैसे मैच विनर्स को फुल फॉर्म में वापस लाने में सफल हुई, तो मुकाबला रोचक हो सकता है। लेकिन PBKS के पास गहराई, बैलेंस और मैच विनर्स का जखीरा ज्यादा है। आज के मैच में पंजाब किंग्स के जीतने के चांस ज्यादा हैं।












Click it and Unblock the Notifications