कौन है 22 साल का यह खिलाड़ी? टी20 क्रिकेट में 8 विकेट लेकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 8 लाख है पूरे देश की जनसंख्या
Who is Sonam Yeshey: क्रिकेट की दुनिया में जब भी रिकॉर्ड्स की बात होती है, तो बड़े देशों के नाम सामने आते हैं। लेकिन इस बार सुर्खियां बटोरी हैं हिमालय की गोद में बसे एक छोटे से देश भूटान ने। भूटान के 22 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर सोनम येशे ने म्यांमार के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में मात्र 7 रन देकर 8 विकेट चटकाए हैं।
यह न केवल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, बल्कि किसी भी स्तर के टी20 क्रिकेट में एक पारी में 8 विकेट लेने का दुनिया का पहला कारनामा है। दिग्गज खिलाड़ी जो काम नहीं पर पाए, उसे सोनम ने कर दिखाया।

कौन हैं सोनम येशे और कहाँ से आए हैं?
सोनम येशे का जन्म 3 दिसंबर 2003 को हुआ था। वे भूटान के 'गेलेफू' (Gelephu) शहर से ताल्लुक रखते हैं, जो वर्तमान में अपनी 'माइंडफुलनेस सिटी' परियोजना के लिए चर्चा में है। सोनम ने साल 2022 में मलेशिया के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। तब से वे भूटान की गेंदबाजी की रीढ़ बने हुए हैं और अब तक 34 मैचों में 37 विकेट ले चुके हैं।
8 लाख की जनसंख्या और क्रिकेट का जुनून
भूटान एक ऐसा देश है जिसकी कुल जनसंख्या मात्र 8 लाख (लगभग 7.97 लाख) के करीब है। इतने छोटे से देश से निकलकर विश्व रिकॉर्ड बनाना अपने आप में एक चमत्कार जैसा है। जहाँ फुटबॉल और तीरंदाजी जैसे खेल ज्यादा लोकप्रिय हैं, वहाँ सोनम येशे ने क्रिकेट को एक नई पहचान दिलाई है। उनका यह रिकॉर्ड साबित करता है कि हुनर किसी बड़ी आबादी या आधुनिक सुविधाओं का मोहताज नहीं होता।
मैदान पर कैसे मचाया कोहराम?
भूटान के गेलेफू इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में भूटान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रन बनाए थे। म्यांमार के बल्लेबाजों को लगा था कि वे आसानी से जीत जाएंगे, लेकिन सोनम येशे ने अपनी फिरकी से कहर बरपा दिया। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में एक मेडन ओवर भी फेंका। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत म्यांमार की पूरी टीम मात्र 45 रनों पर सिमट गई और भूटान ने 82 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
मलेशियाई गेंदबाज का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
सोनम से पहले पुरुष टी20 क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड मलेशिया के स्याजरुल इदरस (7/8) के नाम था। सोनम ने न केवल उनका रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि 8 विकेट लेकर एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर दिया जिसे तोड़ना अब लगभग नामुमकिन नजर आता है। इस उपलब्धि के बाद सोशल मीडिया पर भी सोनम येशे की तुलना दुनिया के बड़े स्पिनरों से की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications