Robin Minz: धोनी को मानते हैं आदर्श, ऑक्शन में आते ही आदिवासी क्रिकेटर की चमकी किस्मत, GT ने की पैसों की बारिश
IPL Auction 2024: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के लिए गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज (Robin Minz) को खरीदा है। रॉबिन पहले आदिवासी क्रिकेटर हैं जिन्हें मोटी रकम के साथ किसी फ्रेंचाइजी ने अपने साथ जोड़ा है। ये युवा खिलाड़ी झारखंड के लिए अंडर-19 टीम में खेल चुका है।
नीलामी में उनका नाम आते ही सबसे पहली बोली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने लगाई। सीएसके के बाद मुंबई (MI) ने भी इस खिलाड़ी को खरीदने के लिए बोली लगाई। मुंबई और सीएसके के बीच 1 करोड़ 30 लाख रुपये की बोली लगी, और फिर गुजरात टाइटंस ने 1 करोड़ 40 लाख रुपये की बोली लगाई। इसके बाद बोली आगे बढ़ी।

गुजरात टाइटंस ने लगाई आखिरी बोली
एक समय पर ऐसा लग रहा था कि बोली अब खत्म हो जाएगी लेकिन तभी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम भी बोली में शामिल हो गई। रॉबिन पर सनराइजर्स ने दो बार बोली लगाई, लेकिन गुजरात टाइटंस अपने फैसले पर कायम रही और 3.60 करोड़ रुपये की आखिरी बोली लगाकर इस आदिवासी खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ लिया। इसके साथ ही रॉबिन आईपीएल नीलामी में बोली लगने वाले पहले आदिवासी खिलाड़ी बन गए।
धोनी को अपना आदर्श मानते हैं मिंज
झारखंड के गुमला जिले में रहने वाला बाएं हाथ का यह विकेटकीपर बल्लेबाज पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपना आदर्श मानता है। मिंज अनुभवी कोच चंचल भट्टाचार्य की देखरेख में क्रिकेट में कमाल करने का हुनर सीख रहे हैं। चंचल भट्टाचार्य धोनी के गुरु भी रह चुके हैं।
सेना से रिटायर हैं मिंज के पिता
हालांकि मिंज ने अभी तक घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिए नहीं खेला है, लेकिन वह अंडर-19 और अंडर-25 में राज्य टीम के लिए खेल चुके हैं। मिंज के पिता सेना से रिटायर हैं और अब रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर गार्ड के रूप में काम करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications