कौन हैं 24 साल के प्रफुल हिंगे? IPL डेब्यू मैच के पहले ओवर में झटके 3 विकेट, तोड़ दी राजस्थान रॉयल्स की कमर
Who is Praful Hinge: क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल क्यों कहा जाता है, इसका ताज़ा उदाहरण आज हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में देखने को मिला। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से अपना डेब्यू कर रहे विदर्भ के युवा तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे ने वो कर दिखाया जो बड़े-बड़े दिग्गज गेंदबाज नहीं कर पाए।
प्रफुल ने आज डेब्यू मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पारी के पहले ओवर में ही 3 विकेट लेकर तहलका मचा दिया। उनकी इस घातक गेंदबाजी का शिकार राजस्थान के सबसे बड़े इन-फॉर्म बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी हुए, जिन्हें हिंगे ने पहली ही गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई।

कैसे ढाया कहर?
हिंगे ने अपनी गति और सटीक लाइन-लेंथ से राजस्थान के टॉप ऑर्डर को संभलने का मौका तक नहीं दिया। पहली गेंद पर सूर्यवंशी का विकेट लेने के बाद, उन्होंने उसी ओवर की चौथी और छठी गेंद पर दो और बड़े विकेट चटकाए। उन्होंने ध्रुव जुरेल और प्रिटोरियस को आउट कर धमाल मचा दिया। 24 वर्षीय इस गेंदबाज ने अपनी हिट-द-डेक गेंदबाजी से यह साबित कर दिया कि विदर्भ की मिट्टी से निकले इस हीरे में इंटरनेशनल क्रिकेट तक पहुंचने की पूरी काबिलियत है। सनराइजर्स हैदराबाद ने उनको महज 30 लाख में खरीदा था।
Golden Duck for Vaibhav Suryavanshi. ✅
Two ball Duck for Dhruv Jurel.✅
Two ball Duck for Lhuan Dre Pretorius.✅PRAFUL HINGE - ONE OF THE CRAZIEST FIRST OVER IN IPL HISTORY 🧡#IPL2026 #RRvsSRH pic.twitter.com/Q1FTWloY21
— AB Crickzone (@BInformati71086) April 13, 2026
कौन हैं प्रफुल हिंगे (Who is Praful Hinge)
प्रफुल हिंगे की कहानी उन खिलाड़ियों में से है, जो छोटे शहरों से निकलकर बड़े मंच तक पहुंचते हैं। नागपुर के साधारण मैदानों से शुरू हुआ उनका सफर आसान नहीं था। 12 साल की उम्र में जब उन्होंने क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई, तो शुरुआत में उनके पिता ने मना कर दिया। लेकिन समर कैंप में ट्रायल देने के बाद उनकी लगन देखकर परिवार का नजरिया बदला और यहीं से उनके करियर को सही दिशा मिली। पढ़ाई से ज्यादा उनका मन गेंदबाजी में लगता था और उन्होंने उसी को अपना रास्ता बना लिया।
16 साल की उम्र में गेम को गंभीरता से लिया
कम उम्र में ही प्रफुल ने अपनी मेहनत से खुद को साबित करना शुरू कर दिया था। 13 साल की उम्र में वे रोज साइकिल से प्रैक्टिस के लिए जाते थे, जिसकी वजह से कई बार स्कूल भी देर से पहुंचते थे। लेकिन उनके अंदर क्रिकेट को लेकर जुनून साफ दिखाई देता था। 16 साल की उम्र में उन्हें विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन अकादमी में ट्रेनिंग का मौका मिला, जहां कोच संजीव के मार्गदर्शन में उनकी गेंदबाजी और निखरी। यही वह समय था, जब उन्होंने अपने खेल को गंभीरता से लेना शुरू किया।
19 की उम्र में आया अहम मोड़
प्रफुल के करियर का बड़ा मोड़ 19 साल की उम्र में आया, जब उन्होंने अंडर-19 ट्रायल्स में 36 विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। हालांकि कोविड-19 के कारण उनकी तैयारियों पर असर पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। इस मुश्किल दौर ने उन्हें और मजबूत बना दिया। उनकी इसी मेहनत का नतीजा रहा कि आईपीएल 2026 ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जो उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है और आगे के सफर की नई शुरुआत भी।
बहन ने किया भाई के लिए त्याग
प्रफुल हिंगे के सफर में उनके परिवार का योगदान बेहद अहम रहा है। उनकी बहन, जो एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, ने अपने कठिन समय में भी उनका पूरा साथ दिया। अपने एग्जाम्स के दौरान भी वह उन्हें प्रैक्टिस के लिए छोड़ने जाती थीं, घंटों मैदान पर इंतजार करती थीं और फिर देर रात तक अपनी पढ़ाई पूरी करती थीं। यह त्याग और समर्पण प्रफुल के लिए एक मजबूत सहारा बना।












Click it and Unblock the Notifications