सौरव गांगुली की कप्तानी में डेब्यू करने वाला क्रिकेटर पहुंचा जेल? आधी रात को नशे में कर बैठा बड़ी गलती!
Who Is Jacob Martin: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और बड़ौदा के पूर्व कप्तान जैकब मार्टिन एक बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। मंगलवार यानी 27 जनवरी को वडोदरा में शराब के नशे में गाड़ी चलाने और दुर्घटना करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया। 53 वर्षीय मार्टिन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी लग्जरी कार से सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
नशे की हालत में किया एक्सीडेंट (Who Is Jacob Martin)
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार यह घटना मंगलवार उस समय हुई जब मार्टिन अपनी कार से घर लौट रहे थे। अकोटा इलाके के पास उन्होंने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और वहां खड़े तीन गाड़ी को टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार मार्टिन नशे की स्थिति में पाए गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह चलने की स्थिति में भी नहीं थे। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया गया है।

गांगुली की कप्तानी में किया था डेब्यू
जैकब मार्टिन ने साल 1999 से 2001 के बीच सौरव गांगुली की कप्तानी में भारत के लिए 10 वनडे (ODI) मैच खेले हैं। उन्होंने अपना डेब्यू वेस्टइंडीज के खिलाफ टोरंटो में किया था। हालांकि उस मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन अपने दूसरे मैच में उन्होंने 33 रनों की अहम पारी खेलकर टीम की जीत में योगदान दिया। उन्होंने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच 2001 में केन्या के खिलाफ खेला था।
घरेलू क्रिकेट में दमदार रहा करियर
भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मार्टिन का सफर छोटा रहा, लेकिन घरेलू क्रिकेट में वह एक दिग्गज के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने 138 प्रथम श्रेणी मैचों में 46.65 की औसत से 9,192 रन बनाए। इसमें कई यादगार शतक शामिल हैं। उनकी कप्तानी में ही बड़ौदा ने 2000-01 के सीजन में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था। संन्यास के बाद उन्होंने बड़ौदा टीम के कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।
जैकब मार्टिन का जीवन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। दिसंबर 2018 में वह खुद एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे, जिसके बाद उन्हें लंबे समय तक लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रहना पड़ा था। उस दौरान बीसीसीआई और क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए थे।












Click it and Unblock the Notifications