Rishabh Pant कब तक वापस मैदान पर आएंगे, सौरव गांगुली ने दिया बड़ा अपडेट
एक्सीडेंट के बाद ऋषभ पन्त इस समय इलाज करवा रहे हैं। उनके घुटने के लिगामेंट की सर्जरी भी हुई है।

Sourav Ganguly on Rishabh Pant Availability: भयानक कार दुर्घटना के बाद भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पन्त का इस समय इलाज चल रहा है। पन्त मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। टीम इंडिया के लिए वह लम्बे समय तक नहीं खेल पाएंगे। इसके अलावा पन्त को आईपीएल से भी बाहर होना पड़ेगा। ऋषभ पन्त के बाहर होने से दिल्ली कैपिटल्स को एक बड़ा झटका लगा है। दिल्ली के लिए पन्त कप्तानी करते हैं। ऐसे में किसी अन्य खिलाड़ी को उनकी जगह कप्तान बनाना पड़ेगा। दिल्ली के डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट सौरव गांगुली ने पन्त की उपलब्धता को लेकर बयान दिया है।

ऋषभ पन्त नहीं होंगे उपलब्ध
स्पोर्ट्स टुडे के अनुसार सौरव गांगुली ने कहा है कि मैं दिल्ली कैपिटल्स के साथ कनेक्शन में हूँ और ऋषभ पन्त आईपीएल में नहीं खेलेंगे। इस टीम के साथ जुड़ने से अच्छा लग रहा है। हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे लेकिन ऋषभ पन्त की चोट दिल्ली कैपिटल्स पर असर डालेगी। गौरतलब है कि हाल ही में गांगुली को टीम का डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट बनाने का निर्णय लिया गया है।

पहले भी दिल्ली कैपिटल्स में रहे हैं गांगुली
इससे पहले भी सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के साथ काम कर चुके हैं। साल 2019 में वह बतौर सलाहकार दिल्ली कैपिटल्स के साथ काम करते थे। इसके बाद वह बीसीसीआई में आने के कारण दिल्ली के साथ काम नहीं कर पाए। गांगुली इस बार फिर से आए हैं और निश्चित रूप से टीम को इसका फायदा मिलेगा। दिल्ली कैपिटल्स टीम के कोच रिकी पोंटिंग हैं। देखना होगा कि गांगुली और पोंटिंग का तालमेल कैसा रहेगा।

ऋषभ पन्त को मिलेगी पूरी मैच फीस
आईपीएल से पूरी तरह बाहर होने के बाद भी ऋषभ पन्त को मिलने वाली मैच फीस पर असर नहीं पड़ने वाला है। पन्त को पूरी सैलरी मिलेगी। बीसीसीआई के नियमों में ऐसा है। जब खिलाड़ी चोटिल होता है तो फीस पूरी मिलती है। बोर्ड खिलाड़ियों का बीमा करवाकर रखता है। ऐसे में पन्त के लिए परेशानी की बात नहीं होगी। दिल्ली कैपिटल्स के साथ वह 16 करोड़ रुपये की धन राशि के साथ अनुबंधित हैं। इसके अलावा केन्द्रीय अनुबंध के तौर पर 5 करोड़ बीसीसीआई से भी मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications