U19 World Cup: सुपर सिक्स में पहुंचा भारत, अब न्यूजीलैंड की बारी! इस दिन होगी भिड़ंत
U19 World Cup India Next Match: जिम्बाब्वे और नामीबिया की धरती पर खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय युवा टीम का दबदबा बरकरार है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में 'बॉयज इन ब्लू' ने अपने शुरुआती दोनों मैचों में शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट के दूसरे दौर (सुपर 6) के लिए अपना टिकट पक्का कर लिया है। अमेरिका को धूल चटाने के बाद भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ भी रोमांचक जीत दर्ज की।
बांग्लादेश के खिलाफ मिली धमाकेदार जीत (U19 World Cup India Next Match)
टूर्नामेंट के अपने दूसरे मुकाबले में भारत का सामना बांग्लादेश से था। जहां भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही थी। महज 12 रन के स्कोर पर टीम ने अपने दो अहम विकेट गंवा दिए थे। ऐसे संकट के समय में वैभव सूर्यवंशी संकटमोचक बनकर उभरे। वैभव ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का लोहा मनवाते हुए महज 67 गेंदों पर 72 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।

अभिज्ञान कुंडू ने बिखेरा जलवा
वैभव के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने 80 रनों की सयंमित पारी खेलकर भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाने में मदद की। अंत में कनिष्क चौहान की 26 गेंदों में 28 रनों की कैमियो पारी की बदौलत भारत ने बोर्ड पर 238 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम एक समय मजबूत स्थिति में दिख रही थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की।
अब न्यूजीलैंड से भिड़ेगा भारत
उप-कप्तान विहान मल्होत्रा ने अपनी जादुई गेंदबाजी से बांग्लादेशी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने सिर्फ 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट चटकाए। बारिश से प्रभावित इस मैच में डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर भारत ने 18 रनों से जीत दर्ज की। लगातार दो जीत के साथ आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम अब एक लंबे ब्रेक पर है। भारतीय प्रशंसक बेसब्री से अगले मैच का इंतजार कर रहे हैं। टीम इंडिया अपना अगला मुकाबला 24 जनवरी 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी। लीग स्टेज का यह आखिरी मैच भारत के लिए अपनी लय बरकरार रखने के लिहाज से बेहद अहम है।
छठे खिताब की ओर कदम
पांच बार की विश्व विजेता भारतीय टीम इस बार अपना छठा खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। सुपर 6 राउंड के बाद टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 3 और 4 फरवरी को खेले जाएंगे। वहीं, खिताबी भिड़ंत यानी वर्ल्ड कप का फाइनल मैच 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। जिस तरह से आयुष म्हात्रे की सेना प्रदर्शन कर रही है, उसे देखकर करोड़ों भारतीयों को उम्मीद है कि वर्ल्ड कप की ट्रॉफी एक बार फिर भारत आएगी।












Click it and Unblock the Notifications