'असली हीरो तो आप हैं', जब अरिजीत सिंह के मुरीद हुए थे विराट कोहली, वायरल हुआ पुराना वीडियो
Virat Kohli Video Viral: संगीत जगत के दिग्गज गायक अरिजीत सिंह ने अचानक संन्यास की घोषणा कर फैंस को हैरान कर दिया है। 27 जनवरी 2026 को की गई इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर लगातार फैंस इस दिग्गज को लेकर भावुक हो रहे हैं। इसी बीच भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का एक पुराना वीडियो दोबारा चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने अरिजीत सिंह की प्रतिभा की जमकर सराहना की थी।
विराट कोहली ने की थी अरिजीत सिंह की तारीफ (Virat Kohli Video Viral)
वायरल हो रहे वीडियो में विराट कोहली ने अरिजीत सिंह को अपनी पीढ़ी की सबसे बड़ी प्रतिभाओं में से एक बताया था। कोहली ने कहा था कि उनकी प्लेलिस्ट में अरिजीत के गाने हमेशा टॉप पर रहते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने अरिजीत की आवाज की भावनात्मक गहराई का जिक्र करते हुए उन्हें संगीत जगत का 'असली हीरो' करार दिया था। यह वीडियो न केवल दोनों सितारों के बीच आपसी सम्मान को बताता है, बल्कि यह भी बताता है कि अरिजीत के संगीत का प्रभाव खेल जगत के दिग्गजों पर कितना गहरा रहा है।

अरिजीत सिंह का रहा है शानदार सफर
अरिजीत सिंह ने साल 2005 में 'फेम गुरुकुल' से अपनी पहचान बनाई थी। बॉलीवुड में उनका पहला गाना 'मर्डर 2' का 'फिर मोहब्बत' था, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने करियर में हिंदी और बंगाली मिलाकर 700 से अधिक गाने गाने वाले अरिजीत को दो बार सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2025 में पद्म श्री से सम्मानित किया था। संन्यास की घोषणा करते हुए उन्होंने अभी तक किसी स्पष्ट कारण का खुलासा नहीं किया है, जिससे उनके करोड़ों फैंस मायूस हैं।
विराट कोहली संन्यास के बाद भी बरसा रहे हैं रन
संगीत के प्रति अपने प्रेम के साथ-साथ विराट कोहली क्रिकेट के मैदान पर भी अपना दबदबा बनाए हुए हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। कोहली ने न्यूजीलैंड सीरीज में 80 की औसत से 240 रन बनाए, जिसमें इंदौर में खेला गया 124 रनों का शानदार शतक भी शामिल है। हालांकि, भारत यह सीरीज हार गया और कोहली ने अपनी नंबर-1 वनडे रैंकिंग डेरिल मिचेल के हाथों गंवा दी।











Click it and Unblock the Notifications