क्या होगा, अगर पाकिस्तान ने कर दिया भारत में वर्ल्ड कप 2023 खेलने से इंकार?
Pakistan Cricket Team: भारत में इस साल 5 अक्टूबर को शुरू होने जा रहे वर्ल्ड कप 2023 (World Cup 2023) को लेकर पाकिस्तान का जो रूख है वह किसी बॉलीवुड मूवी की नौटंकी को भी चैलेंज कर सकता है।
पाकिस्तान ने इस महा प्रतियोगिता के लिए अपनी भागीदारी में इतने किंतु-परंतु बढ़ा दिए हैं कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पाकिस्तान निश्चित तौर पर विश्व कप में खेलने जा रहा है या नहीं।

हालांकि आईसीसी इस बात को लेकर निश्चित है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम भी नियमों से बंधी हुई है और वह भारत में विश्व कप खेलने के लिए आएंगे, लेकिन 27 जून को वर्ल्ड कप 2023 का शेड्यूल जारी होने के बाद भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से साफ कहा गया है कि वह भारत में खेलने तभी आएंगे, जब उनकी सरकार द्वारा उन्हें 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' यानी एनओसी दिया जाएगा।
इससे पहले पाकिस्तान भारत के उत्तरी हिस्सों में नहीं खेलने की इच्छा जता चुका था ,लेकिन आईसीसी ने उनकी एक ना सुनते हुए भारत और पाकिस्तान का मैच अहमदाबाद में कराया है जो पहले से निर्धारित था। ये मैच 15 अक्टूबर को होगा, और अगर पाकिस्तान क्रिकेट टीम नॉकआउट में पहुंचती है तो उन्हें मुंबई में भी खेलना होगा।
पाकिस्तान को इन दोनों ही जगह खेलने पर आपत्ति थी, और उन्होंने कहा है कि सरकार के द्वारा क्लीयरेंस मिलने के बाद ही वे इन जगहों पर खेल पाएंगे। ऐसे में अगर पाकिस्तान क्रिकेट टीम विश्व कप खेलने के लिए भारत आती है, लेकिन अहमदाबाद और मुंबई में खेलने से मना कर देती है, तो क्या होगा?
ऐसी स्थिति में 15 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले में भारत को ग्रुप स्टेज में वाक ओवर मिल जाएगा। यानी टीम इंडिया को उस मैच के सभी अंक मिल जाएंगे। अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करता है और मुंबई में खेलने से मना कर देता है तो उस मैच की दूसरी विपक्षी टीम बिना मैच खेले ही फाइनल में पहुंच जाएगी।
अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप में भाग लेने से ही इनकार कर देता है तो क्या होगा? ऐसे केस में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को उनकी सरकार द्वारा एनओसी नहीं दी जाएगी। विश्व कप में 9 टीमें ही रह जाएंगी और आईसीसी 10 टीमों का कोटा पूरा करने के लिए एक और टीम को शामिल कर सकती है।
लेकिन अगर 9 ही टीमें खेलती हैं, तो उन सभी टीमों को दो-दो अंक मिल जाएंगे, जिनको पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलना था। यानी सभी 9 टीमों को ही ये अंक मिलेंगे क्योंकि ग्रुप स्टेज में सबको एक दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलना है। तब बाबर आजम एंड कंपनी बिना कोई मुकाबला खेले पॉइंट टेबल में सबसे निचले स्थान पर रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications