West Indies के खिलाफ वनडे में रवींद्र जडेजा ने रचा इतिहास, कपिल देव को पीछे छोड़ अपने नाम की ये बड़ी उपलब्धि
IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ केंसिंग्टन ओवल में खेले गए मैच को भारत ने 5 विकेट से जीत लिया। इस दौरान टीम इंडिया की शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन देखने को मिला। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की फिरकी में फंसकर वेस्टइंडीज की टीम पहले वनडे में मात्र 23 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। इस दौरान जडेजा ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली।
वेस्टइंडीज के खिलाफ रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने जमकर प्रहार किया। मेजबान टीम के लिए कप्तान शाई होप ही सबसे अधिक 43 रन बना सके। जडेजा के तीन विकेट के साथ अब वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके नाम 44 विकेट हो गए हैं।
जडेजा ने इस मामले में महान कपिल देव (43 विकेट) को पीछे छोड़ दिया। भारत-वेस्टइंडीज वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में जडेजा अब वेस्टइंडीज के महान कर्टनी वॉल्श की बराबरी पर हैं।

वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के सबसे सफल गेंदबाज
- रवींद्र जडेजा- 44 विकेट
- कपिल देव- 43 विकेट
- अनिल कुंबले- 41 विकेट
- मोहम्मद शमी- 37 विकेट
- हरभजन सिंह-33 विकेट
दरअसल, वेस्टइंडीज के खिलाफ कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस दौरान पहला विकेट हार्दिक पांड्या ने काइल मायर्स (2) के रूप में लिया। इसके बाद वेस्टइंडीज के विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। टीम इंडिया के लिए शार्दुल ठाकुर, हार्दिक पांड्या और मुकेश कुमार ने एक-एक विकेट लिया।
भारत के लिए कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 रन देकर चार विकेट चटकाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने 37 रन देकर तीन विकेट लिए। कुलदीप और जडेजा की फिरकी में फंसकर वेस्टइंडीज की टीम गुरुवार को भारत के खिलाफ पहले वनडे में मात्र 23 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई।
भारत की बल्लेबाजी की बात करें तो ईशान किशन ने 52 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव (19) ने एक बार फिर निराश किया। शुभमन गिल (7) भी कुछ खास कमाल नहीं कर सके। हार्दिक पांड्या (5) भी सस्ते में लौट गए। हालांकि, जडेजा (16 नाबाद) और रोहित (12 नाबाद) टीम को जीताकर लौटे। इस जीत से भारतीय टीम ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।












Click it and Unblock the Notifications