WI vs ENG: जोस बटलर की कप्तानी पारी, वेस्टइंडीज को इंग्लैंड ने 6 विकेट से रौंदा, बराबरी पर सीरीज
West Indies vs England 2nd ODI, Highlights: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे मुकाबला गंवाने के बाद इंग्लैंड की टीम ने दमदार वापसी की है। इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को एंटीगुआ में खेले गए दूसरे वनडे मैच में हरा दिया है। दूसरे मैच को 6 विकेट से जीतकर इंग्लैंड ने तीन मैच की सीरीज को एक-एक से बराबरी कर ली है। अब इन दोनों देशों के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला 9 दिसंबर को होगा।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज रहे फ्लॉ़प: बुधवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज की टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। पहले मुकाबले में बड़ा स्कोर चेज करने वाली वेस्टइंडीज की टीम दूसरे मैच में पूरी तरह से फ्लॉप रही। वेस्टइंडीज की टीम इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 39.4 ओवर में 202 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

बटलर ने खेली कप्तानी पारी: 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत भी खराब रही। लेकिन इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज विल जैक्स ने एक तरफ से पारी को संभाले रखा। विल जैक्स ने 72 गेंद में 73 रन बनाकर इंग्लैंड को संभाला। उनकी इस पारी में 6 चौके और चार छक्के देखने को मिले। इसके अलावा इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर लंबे समय बाद फॉर्म में नजर आए। जोस बटलर ने इस मुकाबले में कप्तानी पारी खेलने का काम किया। उन्होंने 45 गेंद में 58 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने चार चौके और तीन छक्के भी जड़े।
शाई होप ने भी दिखाया दम: वेस्टइंडीज की बात करें तो वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने टीम के लिए रन बनाने का काम किया। शाई होप ने 68 गेंद में 68 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। वहीं शेरफेन रदरफोर्ड ने 80 गेंद में 63 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से सैम कर्रन और लियाम लिविंगस्टोन ने 3-3 विकेट झटके। इसके अलावा गस एटकिंसन और रेहान अहमद ने 2-2 विकेट चटकाए।












Click it and Unblock the Notifications