'अब कोहली को हर गेंदबाज चटा रहा है धूल', कैरिबियाई दिग्गज ने फॉर्म को लेकर जताई चिंता
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में अपनी पहली ट्रॉफी की तलाश कर रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने बुधवार को जीत की राह पर वापसी करते हुए चौथे पायदान पर कब्जा जमा लिया है और प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को अभी भी जिंदा रखा है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को यह जीत लगातार 3 मैचों में हार के बाद मिली है। आरसीबी की टीम ने इस सीजन अच्छा प्रदर्शन करते हुए 6 मैचों में जीत हासिल की है लेकिन टीम के सबसे बड़े बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली के बल्ले से वो पारियां देखने को नहीं मिली है जिसकी टीम और फैन्स को उनसे उम्मीद है।

विराट कोहली के लिये अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में चल रही लगातार खराब बल्लेबाजी फॉर्म का असर आईपीएल में भी देखने को मिल रहा है, जिसने भारतीय फैन्स और चयनकर्ताओं का सिरदर्द बढ़ा दिया है। इस साल ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप को देखते हुए विराट कोहली का फॉर्म में आना बहुत जरूरी है, लेकिन वह जिस तरह से अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदलने में नाकाम हो रहे हैं उसे देखते हुए कई दिग्गज अपनी चिंता व्यक्त कर चुके हैं।
और पढ़ें: 'सचिन और मैंने पहले पिच को देखा फिर..' सहवाग ने सुनाई 2011 विश्वकप फाइनल की अनसुनी कहानी

चिंता का सबब है कोहली की मौजूदा फॉर्म
अब इस फेहरिस्त में वेस्टइंडीज के लेजेंडरी क्रिकेटर इयान बिशप ने भी अपनी राय दी है और कहा है कि जिस तरह से विराट कोहली आईपीएल के मौजूदा सीजन में निरंतरता से रन नहीं बना पा रहे हैं वह चिंता की बात है। पहले विराट कोहली के खिलाफ कुछ ही गेंदबाज सफलता हासिल करते थे लेकिन इस सीजन उन्हें आउट करने वाले गेंदबाजों की संख्या बढ़ी है और वो अलग-अलग तरह के गेंदबाजों के सामने अपना विकेट खोते नजर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आईपीएल के 15वें सीजन में विराट कोहली 11 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगा सके हैं और महज 111.09 की स्ट्राइक रेट से 175 रन जोड़े हैं।

बहुत धीमा खेल रहे हैं विराट कोहली
विराट कोहली की बल्लेबाजी की बात करें तो वो इस सीजन काफी धीमी नजर आ रही है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गये आखिरी मैच में विराट कोहली ने 33 गेंदों का सामना कर महज 30 रनों की पारी खेली और मोईन अली की गेंद पर बोल्ड होकर वापस लौटे, वहीं जो एक अर्धशतक उनके बल्ले से आया है उसे पूरा करने में भी उन्होंने 50 गेंदों का सामना किया, ऐसे में इयान बिशप ने कोहली के स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ संघर्ष पर जोर दिया है और कहा है कि यह काफी चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा, 'विराट कोहली अपनी पारी का आगाज करते हुए जो पहले 10-15 रन बनाते हैं उसमें उनका स्ट्राइक रेट 100 से नीचे का रहता है, इतना ही नहीं उनकी बल्लेबाजी में वो ललक भी नहीं दिख रही है जिसमें वो गेंद के बराबर रन बनाना चाहते हों। पिछले मैच में उन्होंने छक्का लगाकर स्ट्राइक रेट सुधारा लेकिन उसके बाद रनों की गति फिर से धीमी हो गई। विराट कोहली के साथ यह चीज पिछले सीजन से ही हो रही है जो कि चिंता की बात है।'

स्पिनर्स के खिलाफ जारी है फ्लॉप शो
इयान बिशप ने इस दौरान विराट कोहली के पारी में धीमा खेलने के साथ ही स्पिनर्स के खिलाफ धीमा खेलने का भी जिक्र किया और कहा कि अब हर गेंदबाज उन्हें धूल चटाता हुआ नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा, 'पहले कोहली खुद को सेट करने के बाद तेजी से रन बनाकर स्ट्राइक रेट लेते थे, लेकिन अब कोहली पारी की शुरुआत में इतनी गेंद खेलने के बाद तेजी से रन नहीं बना पाते हैं और पारी को लंबा भी नहीं खींच पाते हैं। ऐसे में जब वो इतनी गेंद खेलने के बाद आउट हो जाते हैं तो टीम के लिये मुश्किल की स्थिति पैदा हो जाती है। वेस्टइंडीज के खिलाफ फरवरी में खेली गई सीरीज में रोस्टन चेज ने उन्हें आउट किया था जबकि पिछले कुछ टेस्ट मैचों में वो ऑफ स्पिनर्स का शिकार हो रहे हैं। मैं स्पिनर्स के खिलाफ उनके प्रदर्शन को लेकर चिंतित हूं, इतना ही नहीं वह जिस तरह से अलग-अलग गेंदबाजों के सामने विकेट गंवा रहे हैं वो दर्शाता है कि वो बॉलर्स पर हावी नहीं हो पा रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications