'मुझे पता था, वे 5वें दिन ढेर हो जाएंगे', वेस्टइंडीज दिग्गज ने भारतीय क्रिकेट को बताया घमंड में चूर
भारतीय क्रिकेट टीम जिस तरह से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 मुकाबले में आस्ट्रेलिया के खिलाफ धराशाई हुई, उसने क्रिकेट जगत में नई चर्चाओं को जन्म दिया है।
इस बात की सुगबुगाहट कुछ ज्यादा ही है कि आईपीएल के चलते यह सब हो रहा है। आईपीएल को पूरी तरह दोष दें या ना दें, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम ने पिछले कुछ सालों से यह एक ऐसा सिलसिला दिखाया है, जैसे ICC के नॉकआउट मैचों में हार का ये एक पैटर्न सेट हो गया हो।

भारतीय क्रिकेट टीम की बड़े मंच पर आकर फिसलने की दुर्दशा पर वेस्टइंडीज के महान गेंदबाज रह चुके एंडी रॉबर्ट्स ने बात की है। एंडी का नजरिया बिल्कुल अलग है और उन्होंने कैरेबियाई बेबाक अंदाज में बात करते हुए बताया कि भारतीय क्रिकेट में घमंड घुस चुका है, जिसके मद में चूर होकर टीम ओवरकॉन्फिडेंस का शिकार हो गई।
भारतीय क्रिकेट को ऐसा कहने के पीछे रॉबर्ट्स का कहना है की आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट के बीच एक संतुलन बैठाना होगा। भारतीय क्रिकेटरों को अपनी प्राथमिकताएं तय करनी होंगी। फिलहाल भारत ने जैसे आईपीएल के तुरंत बाद टेस्ट मैचों का फाइनल खेला, वो भी बिना तैयारी के, उसमें एंडी को घमंड की बू आ रही है।
मिड डे से बात करते हुए अपने जमाने के महानतम गेंदबाज ने कहा, भारतीय क्रिकेट में घमंड घुस चुका है और इस घमंड के चलते उन्होंने बाकी दुनिया को नजरअंदाज किया है। भारत को यह तय करना होगा कि वे टेस्ट क्रिकेट पर फोकस करना चाहते हैं या सफेद गेंद क्रिकेट पर। टी20 तो चलता ही रहेगा, लेकिन वहां गेंद और बल्ले के बीच कोई प्रतियोगिता नहीं है।
रॉबर्ट्स आगे कहते हैं, "मुझे लगा था भारतीय अपनी बल्लेबाजी में ताकत दिखाएंगे। लेकिन कुछ भी दिखाई नहीं दिया। रहाणे ने अपनी लड़ाई लड़ी, उनके हाथ में भी चोट लगी थी। शुभमन गिल शॉट लगाते अच्छे लगते हैं, लेकिन वे लेग स्टंप पर खड़े रहते हैं, और उन्हें गेंद के पीछे आना सीखना होगा।
"विराट कोहली को पहली पारी में मिशेल स्टार्क की बढ़िया गेंद खेलने को मिली। यह सब कहते हुए, मैं आपको बता रहा हूं कि भारतीय बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन वह घर के बाहर प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।"
भारतीय क्रिकेट टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में चौथे दिन 3 विकेट के नुकसान पर 164 रन बना चुकी थी और 5वें दिन उन्हें 280 रनों की दरकार थी। इतिहास में कभी भी 444 साल टारगेट चेज नहीं हुआ था, लेकिन कुछ उम्मीद बाकी थी पर रॉबर्ट्स कहते हैं कि, मुझे भारतीय टीम से कोई उम्मीद नहीं थी। मुझे पता था कि वह कॉलेप्स करेंगे। दोनों ही पारियों में उन्होंने घटिया बल्लेबाजी की है।












Click it and Unblock the Notifications